भारत

जनरल मनोज पांडे ने बैस्टिल डे परेड में भाग लेने वाले सैन्य दल को किया सम्मानित

Nilmani Pal
18 July 2023 12:50 AM GMT
जनरल मनोज पांडे ने बैस्टिल डे परेड में भाग लेने वाले सैन्य दल को किया सम्मानित
x
दिल्ली। सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने फ्रांस में बैस्टिल डे परेड में भाग लेने वाले त्रि-सेवा दल के सदस्यों को सम्मानित किया। सोमवार शाम सम्मानित किए गए यह सैन्यकर्मी बीते सप्ताह फ्रांस बैस्टिल डे परेड में शामिल हुए थे। सेना प्रमुख ने कहा कि तीनों सेनाओं के इन सैन्य कर्मियों ने सशस्त्र बलों और भारत को गौरवान्वित किया है।

दिल्ली में सोमवार को आयोजित इस कार्यक्रम में सेना प्रमुख ने कहा कि फ्रांस गए भारतीय दल ने देश की छवि को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने सैन्य कर्मियों से कहा कि आपने न केवल तीनों सेनाओं को गौरवान्वित किया है, बल्कि पूरे देश को भी गौरवान्वित किया है। जनरल पांडे ने कहा कि थलसेना, वायुसेना और नौसेना की टुकड़ी को फ्रांस भेजना बहुत महत्वपूर्ण था। उन्होंने कहा कि पंजाब रेजिमेंट के सदस्यों को फ्रांस में प्रथम विश्‍वयुद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले भारतीय सैनिकों की याद में बनाए गए न्यूवे-चैपेले में युद्ध स्मारक का दौरा करने और वहां अपना सम्मान देने का मौका मिला। भारतीय दल ने 14 जुलाई को फ्रांस में बैस्टिल दिवस समारोह में भाग लिया था। यहां वायुसेना के राफेल लड़ाकू विमान फ्रांसीसी जेट विमानों के साथ फ्लाईपास्ट में शामिल हुए थे।

कैप्टन अमन जगताप के नेतृत्व में पंजाब रेजिमेंट की टुकड़ी, पेरिस परेड में शामिल हुई थी। गौरतलब है कि इस वर्ष नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड में पंजाब रेजिमेंट की टुकड़ी को सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी घोषित किया गया। उस अवसर पर भी कैप्टन जगताप ने दल का नेतृत्व किया था। जनरल पांडे ने दल के सदस्यों को सम्मानित करने के बाद उन्हें विजेता ट्रॉफी सौंपी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंजाब रेजिमेंट ने दोनों विश्‍व युद्धों में भाग लिया था और हमारे देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। इस मौके पर कैप्टन जगताप ने कहा, ''यह बेहद गर्व की बात है कि हमने पेरिस में बैस्टिल दिवस पर अपने प्रधानमंत्री के सामने मार्च किया। बैस्टिल डे परेड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित थे।'' मार्चिंग दल का नेतृत्व भारतीय वायु सेना की हेलीकॉप्टर पायलट स्क्वाड्रन लीडर सिंधु रेड्डी ने किया। सिंधु ने कहा कि वह बहुत ही गर्व की भावना के साथ भारत लौटी हैं। पेरिस जाने वाले भारतीय सैन्य दल की कुल संख्या 242 थी।

Next Story