भारत

रक्षा मंत्री से मिले जनरल धीरज सेठ, थलसेना प्रमुख बनने के बाद पहली मुलाकात

jantaserishta.com
2 July 2026 3:23 PM IST
रक्षा मंत्री से मिले जनरल धीरज सेठ, थलसेना प्रमुख बनने के बाद पहली मुलाकात
x
नई दिल्ली: भारतीय थलसेना के नए प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित रक्षा मंत्रालय, कर्तव्य भवन-2 में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। जनरल धीरज सेठ के थलसेना प्रमुख का पदभार संभालने के बाद रक्षा मंत्री से हुई यह उनकी पहली मुलाकात रही।
बैठक के दौरान रक्षा मंत्री ने जनरल धीरज सेठ को नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं। दोनों के बीच भारतीय सेना की वर्तमान परिचालन तैयारियों, सीमाओं पर सुरक्षा स्थिति, सेना के आधुनिकीकरण, स्वदेशी रक्षा प्रणालियों को बढ़ावा देने तथा भविष्य की चुनौतियों से निपटने की रणनीतियों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श की संभावना जताई जा रही है।
बता दें कि जनरल धीरज सेठ ने हाल ही में भारतीय थलसेना की कमान संभाली है। पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने बुधवार को ‘विजय’ नामक अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत किया है। उनका लक्ष्य भारतीय सेना को अत्याधुनिक तकनीक से लैस, भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार और बहु-क्षेत्रीय युद्धक्षेत्र में प्रभावी ढंग से संचालन करने वाली सेना के रूप में विकसित करना है।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनकी प्राथमिकताओं में सेना में आधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग, एआई-आधारित क्षमताओं का विस्तार, स्वदेशी रक्षा उद्योग को प्रोत्साहन, आत्मनिर्भरता को बढ़ावा तथा तीनों सेनाओं के बीच संयुक्तता को और मजबूत करना शामिल है। उनका मार्गदर्शक मंत्र ‘जय से विजय’ है। यह संयुक्तता, आत्मनिर्भरता और नवाचार के माध्यम से सैन्य क्षमता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संदेश देता है।
रक्षा मंत्रालय में हुई यह शिष्टाचार भेंट ऐसे समय में हुई है जब भारत अपनी सैन्य क्षमताओं को तेजी से आधुनिक बना रहा है। बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य के अनुरूप सशस्त्र बलों के व्यापक आधुनिकीकरण पर विशेष बल दिया जा रहा है। ऐसे में रक्षा मंत्री और नए थलसेना प्रमुख के बीच यह मुलाकात आने वाले समय में भारतीय सेना की रणनीतिक दिशा और प्राथमिकताओं के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बता दें कि जनरल धीरज सेठ भारतीय सेना के नए सेना प्रमुख हैं। इससे पहले वह सेना के उप प्रमुख के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने 30 जून, 2026 को सेना प्रमुख का कार्यभार संभाला है। उन्होंने सेना में रेगिस्तानी क्षेत्र से लेकर जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद-विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। निवर्तमान सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, पीवीएसएम, एवीएसएम मंगलवार 30 जून को सेवानिवृत्त हो गए थे।
इसके उपरांत जनरल धीरज सेठ ने भारतीय सेना के 31वें थलसेना प्रमुख के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया है। यह पद ग्रहण करने पर उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का नेतृत्व करना उनके लिए गर्व और विनम्रता का विषय है। उन्होंने ‘कर्तव्य, सम्मान और राष्ट्र सर्वोपरि’ के सिद्धांतों के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता दोहराते हुए राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने का संकल्प व्यक्त किया है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story