
x
टैक्स वाले बयान पर मचा बवाल
Ladakh लद्दाख: करगिल जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला पर्यटक सुरक्षा बलों के जवानों से बहस करती नजर आ रही है। मामला मिनीमार्ग चेकपॉइंट का बताया जा रहा है, जहां सड़क बंद होने को लेकर महिला और जवानों के बीच कहासुनी हुई। वीडियो में महिला खुद को Gen-Z बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती दिखाई दे रही है। महिला ने सड़क बंद किए जाने पर नाराजगी जताई और वहां मौजूद जवानों से बहस की। इस दौरान उसने कहा कि सेना को मिलने वाली सैलरी जनता के टैक्स से आती है। महिला के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि टैक्स सिर्फ आम नागरिक ही नहीं, बल्कि सेना के जवान भी देते हैं।
"Army salaries are paid from our taxes," said a female tourist in Ladakh where traffic was being regulated.
— Lt Gen Satish Dua 🇮🇳 (@TheSatishDua) August 19, 2026
Don't know more details but this comment is a degradation of the soldiers sacrifice.
Army personnel also pay taxes.
Being border area, Ladakh has security sensitivities. pic.twitter.com/GqQuSqbJq7
वायरल वीडियो में महिला पुलिस और सेना के जवानों के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करती दिखाई दे रही है। वह उंगली दिखाकर जवानों से बहस करती है और कहती है कि “हम Gen-Z हैं और यह सब बर्दाश्त नहीं करेंगे।” महिला ने वहां मौजूद अन्य यात्रियों से भी नियमों का पालन नहीं करने की बात कही। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जिस तरह पहले स्थानीय लोगों के लिए रास्ते बंद किए जाते हैं, अब पर्यटकों के साथ भी ऐसा ही किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो में जवानों का व्यवहार संयमित नजर आ रहा है। उन्होंने महिला की नाराजगी का शांतिपूर्वक सामना किया और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, करगिल के मिनीमार्ग चेकपॉइंट पर सड़क को सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए बंद किया गया था। सीमावर्ती इलाका होने के कारण लद्दाख में कई स्थानों पर सैन्य गतिविधियों, खराब मौसम और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आवाजाही नियंत्रित की जाती है। सुरक्षा बलों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में आम नागरिकों की सुरक्षा और सैन्य मूवमेंट को देखते हुए कुछ समय के लिए रास्ते बंद करना जरूरी होता है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने महिला के व्यवहार की आलोचना की। कई यूजर्स ने कहा कि किसी भी नागरिक को सुरक्षा नियमों का सम्मान करना चाहिए और सीमावर्ती इलाकों में तैनात जवानों की जिम्मेदारियों को समझना चाहिए।
पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल सतीश दुआ ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सेना की सैलरी टैक्स से आती है, यह कहना सैनिकों के योगदान को कम आंकने जैसा है। उन्होंने बताया कि सेना के जवान भी टैक्स देते हैं और देश की सुरक्षा के लिए कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लद्दाख एक बेहद संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्र है, जहां सुरक्षा व्यवस्था को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग जहां एक तरफ सुरक्षा बलों के धैर्य और संयम की तारीफ कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पर्यटकों से संवेदनशील क्षेत्रों में नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है।
Next Story





