भारत

कर्नाटक में कांग्रेस की जीत के बाद गहलोत बोले - हनुमान सभी के हैं

Nil dhankar
14 May 2023 6:22 AM IST
कर्नाटक में कांग्रेस की जीत के बाद गहलोत बोले - हनुमान सभी के हैं
x

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को कर्नाटक में कांग्रेस की जोरदार जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि लोगों ने यह साबित कर दिया है कि भगवान हनुमान सभी के हैं, न कि केवल उनके जो भाजपा को वोट देते हैं। जोधपुर के बिलाड़ा क्षेत्र के हरियाधना गांव में महंगाई राहत शिविर में पहुंचे गहलोत ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने भाजपा को करारा जवाब दिया है। उन्होंने चुनाव परिणाम को राहुल गांधी के लोगों से जुड़ने की प्रतिक्रिया भी बताया।

उन्होंने कहा, "राहुल गांधी के बयान को मुद्दा बनाकर उनके खिलाफ सूरत में मामला दर्ज किया गया। इस वजह से उनका सांसद पद छीन लिया गया। यह साजिश थी, जिसे जनता समझ चुकी है।" गहलोत ने कहा, "राहुल गांधी को सदन में बोलने नहीं दिया गया। उन्हें सदन से निलंबित कर दिया गया। कर्नाटक के लोगों ने अब भाजपा को इन सभी कृत्यों का जवाब दे दिया है।" चुनाव परिणामों पर उन्होंने कहा, "परिणाम जैसा मैंने सोचा था, वैसा ही आया है। मैं दो-तीन बार कर्नाटक भी गया था। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में लोगों की भीड़ उमड़ी थी। इसे देखकर साफ लग रहा था कि परिणाम क्या होगा।। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और डीके शिवकुमार की मेहनत रंग लाई।"

बजरंग दल विवाद पर उन्होंने सवाल किया, "क्या ऐसा है कि भाजपा को वोट देने वाले ही सिर्फ बजरंगबली के भक्त हैं और जो भाजपा को वोट नहीं देता, वह बजरंगबली का भक्त नहीं हो सकता? कर्नाटक की जनता ने साफ कर दिया है कि हनुमान सबके हैं।"

उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता समझ चुकी है कि भाजपा विपक्ष की सरकारों को कैसे गिरा रही है। उन्होंने कहा, "कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश में सरकारों को गिराने की साजिश थी। वास्तव में, वे राजस्थान में ऐसा नहीं कर सके, क्योंकि हमने सरकार को गिरने नहीं दिया।" उन्होंने कहा, "अब जब कर्नाटक के नतीजे आ गए हैं, तो जनता उनकी (भाजपा की) नौटंकी समझ चुकी है। जनता को पता चल गया है कि वह खरीद-फरोख्त कर चुनी हुई सरकार को गिरा रही है, फिर लोकतंत्र मजबूत कैसे रहेगा? ऐसे मामलों से लोकतंत्र कमजोर होगा और देश की जनता इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।"

Next Story