भारत
अवैध बालू खनन मामले में जीडी माइनिंग प्रमोटर गिरफ्तार, 14 नवंबर तक रिमांड
jantaserishta.com
10 Nov 2025 5:26 PM IST

x
कोलकाता: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कोलकाता जोनल कार्यालय ने अवैध बालू खनन मामले में बड़ी कार्रवाई की। ईडी ने 6 नवंबर को जीडी माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड के प्रमोटर अरुण सराफ को धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 की धारा 19 के तहत गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 नवंबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया गया।
पश्चिम बंगाल पुलिस की ओर से दर्ज की गई कई प्राथमिकी के आधार पर यह कार्रवाई शुरू हुई, जिनमें चोरी किए गए बालू की अवैध बिक्री के आरोप शामिल हैं। एक प्राथमिकी में यह सामने आया था कि भसरा ब्रिज के पास दो ट्रकों को पकड़ा गया, जो नकली ई-चालान के सहारे चोरी का बालू ले जा रहे थे। पुलिस ने इन वाहनों के साथ-साथ जीडी माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा जारी किए गए फर्जी चालान भी जब्त किए थे।
ईडी की जांच में यह सामने आया कि अरुण सराफ अपने व्यावसायिक निर्णयों में मुख्य भूमिका निभाते थे। उन्होंने बड़े पैमाने पर इस पूरे अवैध खनन और परिवहन नेटवर्क को संगठित किया और इस कारोबार से भारी आय अर्जित की।
इससे पहले, 8 सितंबर को ईडी ने कोलकाता और झारग्राम में 16 परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया था, जिसमें जीडी माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय से 29 लाख रुपए नकद, कई आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए थे। तलाशी के दौरान जांच एजेंसी ने संबंधित संस्थाओं की चल-अचल संपत्तियों की जानकारी भी जुटाई थी।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि नदी और स्टॉक प्वाइंट्स से चोरी किए गए बालू को अवैध रूप से ले जाने के लिए फर्जी या अमान्य चालानों का इस्तेमाल किया जा रहा था। आरोपी व्यक्ति और संस्थाएं आवंटित या नीलाम किए गए स्टॉक प्वाइंट्स से बालू लेकर उसे अवैध रूप से अन्य स्थानों तक पहुंचाते थे। इस अवैध गतिविधि से कमाई गई नकदी को नियमित खातों में मिलाने के लिए बिना किसी वैध स्रोत के जमा किया जाता था। इस तरह बड़े पैमाने पर बालू की चोरी, अवैध ढुलाई और बिक्री कर कई लोगों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया।
ईडी की जांच में यह भी सामने आया कि यह मॉडस ऑपरेंडी बड़े स्तर पर इस्तेमाल किया जा रहा है और इसमें कई अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है। अवैध रूप से कमाए गए धन के प्रवाह, उसकी परतों और अंतिम उपयोग का पता लगाने की प्रक्रिया जारी है। प्रवर्तन निदेशालय ने आगे बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





