भारत

सो रहे शख्स पर कचरा डाला, मौत

Nilmani Pal
24 May 2025 7:16 AM IST
सो रहे शख्स पर कचरा डाला, मौत
x
निगम के ठेकेदार को आरोपी बनाया गया

यूपी। बरेली में कबिस्तान के सामने सड़क किनारे पेड़ के नीचे सोए एक शख्स पर नगर निगम ठेकेदार के कर्मचारियों ने कचरे से भरी ट्रॉली पलट दी। ट्रॉली के कचरे के नीचे दबकर शख्स की मौत हो गई। मरने वाला सब्जी विक्रेता सुनील था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सुनील की सिल्ट में दबकर दम घुटने से ही मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस आरोपी ठेकेदार की तलाश में दबिश दे रही है।

नवादा शेखान में रहने वाले 45 वर्षीय सुनील प्रजापति फेरी लगाकर सब्जी बेचा करते थे। गुरुवार को अपराह्न करीब चार बजे थकान होने के कारण वह सतीपुर रोड पर कब्रिस्तान के पास पेड़ के नीचे लेटा हुआ था। नगर निगम और ठेकेदार के कर्मचारियों ने नाला सफाई की सिल्ट से भरी ट्रॉली उसके ऊपर पलटा दी और वहां से चले गए। कुछ देर बाद परिजन सुनील को देखने पहुंचे तो उस स्थान पर सिल्ट पड़ी थी, जहां वह लेटा था।

उन लोगों को सुनील के शिल्ट में दबे होने का शक हुआ। सिल्ट हटा सुनील को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुनील के पिता गिरवर सिंह प्रजापति ने थाना बारादरी में नगर निगम के ठेकेदार नईम शास्त्री पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया कि साजिश के तहत उनके बेटे पर सिल्ट व मलबा डालकर उसकी जान ली गई है। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, तो सुनील का गला, नाक और मुंह सिल्ट से भरा मिला। सांस अवरुद्ध हो गई और दम घुटने से उसकी मौत हो गई।

इस मामले में नामजद ठेकेदार नईम शास्त्री बदायूं में सहसवान का रहने वाला है और काफी विवादित बताया जाता है। वारदात के बाद वह यहां से फरार हो गया। पुलिस ने उसका मोबाइल सर्विलांस पर लगाया तो लोकेशन सहसवान में मिली। उसे पकड़ने के लिए बारादरी पुलिस की एक टीम वहां रवाना की गई है।


Next Story