
x
गांजे संग दो गिरफ्तार
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस और स्वाट टीम नगर जोन ने संयुक्त अभियान चलाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 10 किलो 190 ग्राम अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 8 नवंबर 2026 को चेकिंग अभियान के दौरान शाहबेरी रोड स्थित मदरसे वाले कच्चे रास्ते से दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद आकिल (25 वर्ष), पुत्र इसरत अली और मुजम्मिल (19 वर्ष), पुत्र जरीफ के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुबारकपुर के निवासी हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे दिल्ली से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर लाते थे। इसके बाद गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर एनसीआर क्षेत्र में महंगे दामों पर बेचते थे। इस अवैध कारोबार से उन्हें अच्छा मुनाफा होता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 10 किलो 190 ग्राम गांजा और बिक्री में इस्तेमाल होने वाली बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल दोनों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई को थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस टीम और स्वाट टीम नगर जोन ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।
Next Story





