भारत

गैंगस्टर को 300 बैंक अकाउंट के जरिए पहुंचती है रंगदारी की रकम, महिला सहित गैंग के 10 गुर्गे गिरफ्तार

jantaserishta.com
19 Jun 2023 11:00 AM GMT
गैंगस्टर को 300 बैंक अकाउंट के जरिए पहुंचती है रंगदारी की रकम, महिला सहित गैंग के 10 गुर्गे गिरफ्तार
x
इन लोगों ने प्रिंस गैंग को मिली करीब तीन करोड़ की राशि का ट्रांजैक्शन किया है।
धनबाद: खाड़ी देश से धनबाद में गैंग ऑपरेट कर रहे वासेपुर के गैंगस्टर प्रिंस खान तक रंगदारी की रकम पहुंचाने के लिए तकरीबन 300 बैंक अकाउंट्स का इस्तेमाल होता है। इन खातों की जांच के दौरान पुलिस ने दस लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार किए गए लोग प्रिंस गिरोह द्वारा वसूली जा रही रकम को कलेक्ट करने से लिए अलग-अलग बैंक खातों के जरिए ट्रांजैक्शन करते थे। इन लोगों ने प्रिंस गैंग को मिली करीब तीन करोड़ की राशि का ट्रांजैक्शन किया है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में वासेपुर के कमरमखदुमी रोड के रहने वाले सद्दाम अंसारी और उसकी पत्नी नरगिस बानो, सिराज अंसारी उर्फ छोटू, बाबर अहमद खान, माजिद अंसारी, अमन कुमार वर्मा, संतोष गोस्वामी हैं। सभी के प्रिंस खान गिरोह से होने के प्रमाण मिले हैं। इनमें शादाब व सद्दाम, गिरोह के प्रमुख सदस्य हैं। सद्दाम के पास रुपयों का पूरा लेखा-जोखा रहता था। राशि को कहां किसके पास और कितना भेजना है यह काम नरगिस बानो के जिम्मे था। अब तक जो साक्ष्य मिले हैं, उसके मुताबिक पिछले छह महीने में 300 बैंक अकाउंट्स से तकरीबन एक करोड़ की राशि का ट्रांजैक्शन प्रिंस के लिए किया गया है। अनुमान है कि ट्रांजैक्शन की राशि तीन करोड़ से भी ज्यादा हो सकती है। पुलिस ने 90 बैंक अकाउंट को सीज करने के लिए बैंकों को पत्र लिख दिया है। धनबाद के एसएसपी संजीव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक लाख नकद और एक देसी कट्टा, चार कारतूस, एक रजिस्टर भी पुलिस ने बरामद किए हैं। रजिस्टर में रंगदारी से वसूली गई राशि का उल्लेख है।
प्रिंस खान के पूरे नेटवर्क में तकरीबन दो दर्जन से अधिक अपराधी सक्रिय हैं। जिन्हें पुलिस की स्पेशल टीम अब भी ढूंढ़ रही है। प्रिंस खान जिन लोगों की मदद से किसी के घर पर फायरिंग करवाता था। पुलिस वैसे कुछ लोगों को ढूंढ़ रही है। जबकि, कुछ अपराधियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। प्रिंस खान के लिए गोली चलाकर दहशत फैलाने वाले जितने अपराधियों को पुलिस ने पहले गिरफ्तार कर जेल भेजा है, सभी के परिजनों को प्रिंस खान प्रत्येक महीने आर्थिक मदद भेजता था। बता दें कि गैंग ऑफ वासेपुर के इस डॉन ने धनबाद शहर में आतंक मचा रखा है। उसके गैंग द्वारा फायरिंग, मर्डर, बमबारी की घटनाओं और धमकियों के चलते कई कारोबारी घरों से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं। प्रिंस, वासेपुर के सबसे बड़े डॉन रहे फहीम खान का भांजा है, अब उसकी अपने मामा फहीम खान के गिरोह से अदावत है। प्रिंस ने खाड़ी के किसी देश में पनाह ले रखी है और वहीं से धनबाद में अपना गैंग ऑपरेट कर रहा है। प्रिंस के विदेश भागने का खुलासा पिछले दिनों सीआईडी की जांच में हुआ था।
Next Story