भारत

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को सरकारी संरक्षण प्राप्त : केजरीवाल

Nilmani Pal
14 Jun 2026 7:37 AM IST
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को सरकारी संरक्षण प्राप्त : केजरीवाल
x

दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को सरकारी संरक्षण प्राप्त है. उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए बिश्नोई को 'ईडी पार्टी' का दामाद बताया. जालंधर में पंजाब राज्य व्यापारी आयोग की बैठक में शामिल होने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि गुजरात की साबरमती जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई को केंद्र सरकार का संरक्षण प्राप्त है.

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यह सुनिश्चित किया है कि लॉरेंस बिश्नोई गुजरात की जेल में ही रहे, जहां से वह अपना आपराधिक नेटवर्क संचालित कर रहा है. केजरीवाल ने कहा, 'आज केवल एक ही गैंगस्टर बचा है, लॉरेंस बिश्नोई. वह साबरमती जेल में बैठा है और ईडी पार्टी का दामाद है. उसे पूरा संरक्षण दिया गया है.' AAP प्रमुख ने दावा किया कि पंजाब में अगर लॉरेंस बिश्नोई या उसकी गैंग कोई अपराध करते हैं, इसके बावजूद पंजाब पुलिस उसे पूछताछ के लिए राज्य में नहीं ला सकती और अधिकारियों को खुद साबरमती जेल जाकर उससे पूछताछ करनी पड़ती है.

AAP प्रमुख ने कहा, 'वह जेल में बैठकर न सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया में अपना नेटवर्क चला रहा है. पंजाब पुलिस के अधिकारियों को उससे पूछताछ के लिए गुजरात जाना पड़ता है. उसे हर तरह की सुविधाएं दी गई हैं.' केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में पंजाब में कोई नया गैंगस्टर पैदा नहीं हुआ. उन्होंने कहा, 'पंजाब में सत्ता संभालने के बाद आम आदमी पार्टी सरकार को जिन सबसे बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा, उनमें गैंगस्टर नेटवर्क और नशे का कारोबार शामिल था. मैंने राज्य में सक्रिय प्रत्येक गैंगस्टर का इतिहास खंगाला है और पाया कि वे या तो पुरानी राजनीतिक पार्टियों से जुड़े रहे हैं या उन्हीं की उपज हैं.'

Next Story