भारत

70 साल के बुजुर्ग को बहा ले गई गंगा फिर हुआ चमत्कारी रेस्क्यू

SHIDDHANT
2 Sept 2026 8:41 PM IST
70 साल के बुजुर्ग को बहा ले गई गंगा फिर हुआ चमत्कारी रेस्क्यू
x
तेज धारा में बहते बुजुर्ग के लिए मसीहा बने दो गोताखोर
Haridwar हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा की तेज धारा में बह रहे करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग के लिए दो स्थानीय गोताखोर देवदूत बनकर सामने आए। अपनी जान की परवाह किए बिना दोनों युवकों ने गंगा में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस रेस्क्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग दोनों युवकों के साहस की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
घटना हरिद्वार के रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में हाथी पुल के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम हर की पैड़ी के आसपास स्थानीय युवक और बच्चे गंगा किनारे मौजूद थे। इसी दौरान उनकी नजर तेज बहाव में बह रहे एक बुजुर्ग पर पड़ी। बुजुर्ग खुद को संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह लगातार आगे बहते जा रहे थे।
बताया गया कि बुजुर्ग कई बार पानी के अंदर चले गए। उन्हें इस हालत में देखकर घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच वहां मौजूद दो स्थानीय गोताखोर तत्काल मदद के लिए आगे आए। दोनों ने तेज बहाव और गहरे पानी की परवाह किए बिना गंगा में छलांग लगा दी।
रेस्क्यू के दौरान हालात बेहद चुनौतीपूर्ण रहे। एक युवक का घाट की रेलिंग के पास पैर भी फिसला, लेकिन उसने हिम्मत नहीं छोड़ी और बुजुर्ग तक पहुंचने का प्रयास जारी रखा। दोनों गोताखोरों ने मिलकर बुजुर्ग को तेज धारा से बाहर निकाला और सुरक्षित घाट तक पहुंचाया। बुजुर्ग के सुरक्षित बाहर आने के बाद वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घाट के आसपास गंगा से सिक्के और श्रद्धालुओं द्वारा प्रवाहित नारियल निकालने वाले कई युवक अच्छे तैराक होते हैं। जरूरत पड़ने पर वे पहले भी लोगों की मदद के लिए गंगा में उतरते रहे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी मामले की जानकारी जुटा रही है। वहीं सोशल मीडिया पर दोनों गोताखोरों की बहादुरी की खूब सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि समय रहते दोनों युवकों ने साहस नहीं दिखाया होता तो बुजुर्ग की जान खतरे में पड़ सकती थी।
Next Story