भारत

गैंगरेप: सेना के अधिकारियों को बंधक बनाया, सभी आरोपी गिरफ्तार

jantaserishta.com
13 Sept 2024 6:22 PM IST
गैंगरेप: सेना के अधिकारियों को बंधक बनाया, सभी आरोपी गिरफ्तार
x
गिरफ्तारी पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया था.
इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में पिकनिक मनाने आए सेना के दो अधिकारियों को बंधक बनाकर उनकी एक महिला मित्र से पिस्तौल की नोंक पर कथित दुष्कर्म करने के मामले के तीन इनामी आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए थे।
पुलिस ने इनमें से हरेक की गिरफ्तारी पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया था। उन्होंने बताया कि मानपुर के जंगल से गिरफ्तार आरोपियों में रोहित गिरवाल (23), संदीप वारिया (18) और सचिन मकवाना (25) शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि मशहूर पर्यटक स्थल जाम गेट के पास मंगलवार रात हुई वारदात के तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हितिका वासल ने बताया कि सभी छह आरोपी सुनसान इलाके में तेज आवाज में संगीत बजने के कारण इन लोगों के पास पहुंचे थे। वासल ने बताया कि सेना के दोनों अधिकारी अपनी दो महिला मित्रों के साथ मंगलवार रात 11 बजे से घटनास्थल पर मौजूद थे। घटना मशहूर पर्यटक स्थल जाम गेट के पास हुई। यह जगह महू सैन्य छावनी से करीब 30 किलोमीटर दूर है।
विंध्याचल पर्वतमाला पर स्थित जाम गेट जंगलों से घिरा है। बारिश के मौसम में इस जगह दिन में सैलानियों का तांता लगा रहता है, लेकिन रात घिरते ही वहां सन्नाटा पसर जाता है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चारों लोग तेज आवाज में संगीत सुन रहे थे। देर रात सुनसान इलाके में लगातार तेज आवाज में बजता संगीत सुनकर छह आरोपी मौके पर पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया।
वासल ने बताया कि हमलावरों में शामिल एक व्यक्ति ने पिस्तौल दिखाकर पीड़ितों को धमकाया, जबकि अन्य आरोपियों के पास डंडे थे। कहा कि वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, “लेकिन आरोपी पुलिस की गाड़ी की हेडलाइट देखकर आरोपी पहले ही फरार हो गए।” इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में एक युवती के साथ दुष्कर्म का भी आरोप है।
इस आरोप की जांच की मौजूदा स्थिति के बारे में पूछे जाने पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वारदात के बाद से सदमे में चल रही युवती फिलहाल अपना बयान दर्ज कराने को राजी नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस युवती का बयान लेने का प्रयास कर रही है। साथ ही कथित दुष्कर्म के बारे में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
सेना के अधिकारियों और युवतियों की एक-दूसरे से पहचान कैसे हुई थी, इस बारे में सोशल मीडिया पर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। इस बीच, पुलिस के एक अफसर ने इस बात को अफवाह करार दिया कि सेना के अधिकारी और युवतियां एक डेटिंग ऐप के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में आए थे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story