भारत

फर्जी ट्रैफिक चालान के SMS भेजकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

SHIDDHANT
31 Oct 2026 7:57 PM IST
फर्जी ट्रैफिक चालान के SMS भेजकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार
x
59 डेबिट कार्ड बरामद
दिल्ली। राजधानी दिल्ली में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दक्षिण-पश्चिम जिले के साइबर पुलिस स्टेशन ने फर्जी एसएमएस भेजकर लोगों को ठगने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह पर ट्रैफिक चालान, पार्सल डिलीवरी वेरिफिकेशन और इनाम मिलने से संबंधित फर्जी संदेश भेजकर लोगों को धोखाधड़ी का शिकार बनाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोती सिंह बघेला, हर्षपाल, विक्की, विशाल दास वैष्णव और बृजेश कुमार के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 15 मोबाइल फोन और टैबलेट, एक सोने की चेन, 59 डेबिट कार्ड, 52 पासबुक और चेकबुक, 14 फर्म एवं कंपनियों की मुहरें, पांच पीओएस मशीनें, आठ क्यूआर कोड स्कैनर और एक कार जब्त की है। इसके अलावा अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह लोगों को ऐसे संदेश भेजता था, जो देखने में ट्रैफिक विभाग, डिलीवरी कंपनियों या इनाम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं जैसे लगते थे। इन संदेशों के जरिए लोगों को धोखाधड़ी का शिकार बनाने की कोशिश की जाती थी।
बरामद बैंकिंग दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से गिरोह की गतिविधियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। पुलिस मामले में आरोपियों की भूमिका और संभावित अन्य सहयोगियों की जांच कर रही है। साइबर पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे अनजान नंबरों से आने वाले चालान, पार्सल या इनाम संबंधी संदेशों पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें।
Next Story