भारत

Gandhinagar: मुख्यमंत्री ने वडनगर में चल रही विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया

Admindelhi1
11 Aug 2025 4:26 PM IST
Gandhinagar: मुख्यमंत्री ने वडनगर में चल रही विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया
x
मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं की प्रगति देखी

गांधीनगर: गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ऐतिहासिक वडनगर में राज्य और केन्द्र सरकार की चलाई जा रही महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के कामकाज की प्रगति का सोमवार को स्थलीय निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री पटेल ने वडनगर रेलवे स्टेशन के सामने निर्माणाधीन मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्टेशन हब का कार्य तेजी से पूर्ण हो सके। इसके लिए उन्होंने आज संबंधित अधिकारियों को रेलवे तथा राज्य सरकार के पर्यटन विभाग के बीच परियोजना को लेकर उचित को-ऑर्डिनेशन तथा इंटीग्रेशन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुरातत्वीय और ऐतिहासिक नगरी वडनगर का उत्तरोत्तर विकास हो रहा है, जिसके अंतर्गत यात्रियों तथा पर्यटकों के लिए पर्यटन की सुविधाएँ अधिक सुदृढ़ बनाई जा रही हैं। इसी उद्देश्य से वडनगर रेलवे स्टेशन को शहर के मुख्य दर्शनीय स्थलों के साथ जोड़ने वाला मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्टेशन हब एवं 17 करोड़ रुपये की लागत से पब्लिक प्लाजा का निर्माण हो रहा है। इस प्रोजेक्ट अंतर्गत पार्किंग, विश्राम एरिया, कैफेटेरिया जैसी सुविधाएँ स्थापित की जाएंगी। समग्र परिसर में दो हजार से अधिक पेड़-पौधे भी लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने इन सभी कार्यों का भी निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेश दर्शन योजना के तहत हेरिटेज सर्किट में वडनगर के शर्मिष्ठा तालाब, ताना-रीरी पार्क तथा आसपास के तालाबों, लटेरी वाव (बावड़ी), अंबाजी कोठा तालाब, रेलवे स्टेशन, फोर्ट वॉल आदि का विकास किया जा रहा है। उन्होंने इस हब के निर्माण के लिए किए जा रहे कामकाज की प्रगति का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और गुणवत्ता संरक्षण के जरूरी सुझाव दिए।

उन्होंने गुजरात पर्यटन निगम द्वारा विकसित किए जा रहे मॉडल ट्रांसपोर्टेशन हब का भी मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इस अवसर पर पर्यटन और देवस्थान विभाग के सचिव डॉ. राजेन्द्र कुमार ने उन्हें परियोजना की प्रगति के संपूर्ण विवरण से अवगत कराया।

इस दौरान विधायक के. के. पटेल, पर्यटन आयुक्त प्रभव जोशी, गुजरात पवित्र यात्राधाम बोर्ड के सदस्य सचिव रमेश मेरजा, मेहसाणा जिला कलेक्टर एस. के. प्रजापति, जिला विकास अधिकारी डॉ. हसरत जैस्मीन तथा पर्यटन विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Next Story