भारत
मुआवजे के बिलों में हेराफेरी मामले में फरार दोषी गिरफ्तार, CBI का एक्शन
jantaserishta.com
18 Jan 2026 3:34 PM IST

x
जानें पूरा मामला.
नई दिल्ली: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने राष्ट्रीय परियोजना निर्माण निगम लिमिटेड (एनपीसीसी लिमिटेड) से जुड़े मुआवजा बिलों के गबन मामले में लंबे समय से फरार चल रही दोषी तमन्ना चकमा उर्फ टैमी मे को गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई ने 17 जनवरी को यह गिरफ्तारी की।
तमन्ना चकमा को इससे पहले 17 मई 2024 को मिजोरम के आइजोल स्थित विशेष न्यायालय द्वारा 22 अन्य आरोपियों के साथ दोषी ठहराया गया था, लेकिन वह लंबे समय से फरार थी। सीबीआई ने इस मामले में 30 दिसंबर 2010 को तत्कालीन जोनल मैनेजर, एनपीसीसी लिमिटेड, सिलचर (असम) के यूपी मिश्रा और पांच अन्य आरोपियों के खिलाफ शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया था। आरोप था कि एनपीसीसी लिमिटेड के मुआवजा बिलों में बड़े पैमाने पर अनियमितता और गबन किया गया।
जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने 31 जुलाई 2012 को 25 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया, जिसमें तमन्ना चकमा का नाम भी शामिल था। हालांकि, मुकदमे की सुनवाई के दौरान तमन्ना चकमा अदालत में पेश नहीं हुई, जिसके चलते विशेष न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। मुकदमे के दौरान उसे पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए गए, लेकिन वह लंबे समय तक जांच एजेंसी की पकड़ से बाहर रही। ट्रायल पूरा होने के बाद 17 मई 2024 को विशेष न्यायालय ने 23 आरोपियों को दोषी करार दिया, जिनमें फरार आरोपी तमन्ना चकमा भी शामिल थी। बावजूद इसके, वह अदालत के समक्ष पेश नहीं हुई।
इसके बाद सीबीआई ने फील्ड वेरिफिकेशन, भौतिक निगरानी और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के गहन विश्लेषण के आधार पर जानकारी जुटाई। इन प्रयासों के बाद सीबीआई शिलांग टीम ने 17 जनवरी 2026 को असम के गुवाहाटी स्थित गीता नगर थाना क्षेत्र से फरार दोषी तमन्ना चकमा को हिरासत में ले लिया।
सीबीआई ने बताया कि गिरफ्तार दोषी को गुवाहाटी की अधिकार क्षेत्र वाली अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उसे आगे की कार्रवाई के लिए मिजोरम के आइजोल स्थित विशेष न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





