
पटना: बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस सीट से अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी को अपना उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी प्रत्याशी का मुकाबला जन सुराज पार्टी के संस्थापक और सूत्रधार प्रशांत किशोर से होगा। वहीं, महागठबंधन की ओर से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है। ऐसे में बांकीपुर का चुनाव त्रिकोणीय मुकाबले की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। बांकीपुर सीट बीजेपी का मजबूत गढ़ मानी जाती है। यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद बनने के बाद उन्होंने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, जिसके कारण यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार बांकीपुर सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी।
अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ता हैं और लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वह बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के करीबी माने जाते हैं। नितिन नवीन भी इसी विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक रह चुके हैं और अब बीजेपी ने उनकी जगह अभिषेक को आगे बढ़ाया है। अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी कायस्थ समाज से आते हैं। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कायस्थ मतदाताओं की संख्या करीब 14 से 15 प्रतिशत बताई जाती है, जो चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। नितिन नवीन भी इसी समुदाय से आते हैं, इसलिए बीजेपी ने जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए अभिषेक पर भरोसा जताया है।
राजनीतिक सफर की बात करें तो अभिषेक कुमार सिन्हा वर्तमान में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। इससे पहले वह पटना महानगर भाजयुमो के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने पार्टी संगठन में मंडल मंत्री और महामंत्री जैसे पदों पर भी काम किया है। बीजेपी उन्हें पटना में युवा और कायस्थ समाज के उभरते चेहरे के तौर पर पेश कर रही है। टिकट मिलने के बाद अभिषेक कुमार सिन्हा ने कहा कि बीजेपी ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर विश्वास जताया है और यह उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने दावा किया कि वह पिछले करीब 26 वर्षों से बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हैं और जनता के बीच लगातार काम करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में काम ही सबसे बड़ा मुद्दा होगा और उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
वहीं, प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने से बांकीपुर का मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। प्रशांत किशोर लगातार बीजेपी के गढ़ में सेंध लगाने का दावा कर रहे हैं। हालांकि, बांकीपुर सीट पर बीजेपी का मजबूत संगठन और पुराना जनाधार उनके लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है। महागठबंधन ने इस सीट से आरजेडी की रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। रेखा गुप्ता पहले भी नितिन नवीन के खिलाफ चुनाव लड़ चुकी हैं। ऐसे में इस बार मुकाबला बीजेपी, जन सुराज और आरजेडी के बीच देखने को मिलेगा।
बांकीपुर विधानसभा सीट का इतिहास बीजेपी के पक्ष में रहा है। पिछले कई दशकों से यहां बीजेपी का दबदबा कायम है। नितिन नवीन के पिता दिवंगत नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भी इस सीट से चार बार विधायक रह चुके हैं। 2008 के परिसीमन से पहले इस सीट का नाम पटना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र था। अब उपचुनाव में बीजेपी अपने पुराने गढ़ को बचाने की कोशिश करेगी, जबकि प्रशांत किशोर और आरजेडी इस सीट पर नए समीकरण बनाने की तैयारी में हैं। चुनावी मैदान में उतरे तीनों प्रमुख उम्मीदवारों के बीच मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है।





