
x
नाम बड़ा किचन में गड़बड़ी FSDA ने कसा शिकंजा
Lucknow. लखनऊ। उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत पांच शहरों में फास्ट फूड और रेस्टोरेंट प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान कई जगह साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के रखरखाव से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं मिलने का दावा किया गया। कार्रवाई के बाद कानपुर के टुंडे कबाबी और वाराणसी के वॉव मोमोज समेत कुल सात यूनिटों के लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश की गई है।
FSDA की टीमों ने कानपुर नगर, आगरा, गाजियाबाद, प्रयागराज और वाराणसी में प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। विभाग के मुताबिक जांच के दौरान कुछ जगह कीड़े और चूहों की मौजूदगी के संकेत, खराब हाइजीन एवं सैनिटरी व्यवस्था और वेज तथा नॉन-वेज खाद्य पदार्थों के अलग-अलग भंडारण एवं प्रोसेसिंग की उचित व्यवस्था नहीं मिली। अधिकारियों के अनुसार कई प्रतिष्ठानों में नालियों में गंदा पानी और अपशिष्ट जमा पाया गया। इससे खाद्य पदार्थों के क्रॉस-कॉन्टेमिनेशन का खतरा होने की बात कही गई है। कुछ स्थानों पर एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री के संग्रह या इस्तेमाल से जुड़ी अनियमितताएं भी सामने आने का दावा किया गया।
कानपुर के टुंडे कबाबी में निरीक्षण के दौरान हाइजीन और सैनिटेशन की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने की बात कही गई। FSDA के अनुसार प्रोसेसिंग एरिया में दुर्गंध और कच्चे मांस के रखरखाव में कमियां मिलीं। वाराणसी के वॉव मोमोज में एक्सपायर्ड सामग्री मिलने का दावा किया गया है। आगरा के संजय पैलेस क्षेत्र के पास स्थित अमृतसरी कुलचा प्रतिष्ठान में भी साफ-सफाई और सैनिटरी व्यवस्था में कमियां पाई गईं। यहां दीवारों से पेंट की परतें निकलने और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री के इस्तेमाल का दावा किया गया। अधिकारियों ने व्यवस्था में सुधार होने तक कारोबार बंद रखने की सिफारिश की है।
गाजियाबाद में भी कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। एसी एंटरप्राइज के डीप फ्रीजर में रखे चिकन और मटन से रक्त का रिसाव मिलने की बात सामने आई। फ्लॉको क्लॉक्ज युवराज नगर के डीप फ्रीजर में भी गंदगी मिलने का दावा किया गया। नाथूस राज नगर और बीकानेरवाला में भी जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने की बात कही गई है। FSDA की इस कार्रवाई के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की प्रक्रिया की जा रही है। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता और सुरक्षित खाद्य मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
Next Story





