भारत

हिंद-प्रशांत से पड़ोस तक, कई मोर्चों पर भारत की कूटनीति का दिखा दम-खम

jantaserishta.com
22 Nov 2026 8:48 AM IST
हिंद-प्रशांत से पड़ोस तक, कई मोर्चों पर भारत की कूटनीति का दिखा दम-खम
x
नई दिल्ली: हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने से लेकर जापान के साथ रक्षा सहयोग को नई दिशा देने और नेपाल के साथ उच्चस्तरीय बातचीत की तैयारी तक, 16 से 22 नवंबर का सप्ताह भारत की कूटनीति के लिहाज से काफी सक्रिय रहा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिलीपींस यात्रा, भारत-आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन, प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन का अहम दौरा तथा टोक्यो में भारत-जापान की चौथी 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता प्रमुख घटनाक्रम रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 और 17 नवंबर को फिलीपींस की राजधानी मनीला का दौरा किया। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर हुई इस यात्रा में उन्होंने 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। भारत की 'एक्ट ईस्ट' नीति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति उसकी रणनीतिक दृष्टि के लिहाज से यह यात्रा महत्वपूर्ण रही।
भारत और आसियान ने 2026 को समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मनाया। शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने समुद्री संपर्क, आपदा प्रबंधन, तटरक्षक बलों के बीच सहयोग, समुद्री क्षेत्र की निगरानी और नाविकों की सुरक्षा के लिए दीर्घकालिक भारत-आसियान समुद्री सहयोग योजना का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा साइबर फोरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम, परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी आदान-प्रदान, अंतरिक्ष हैकाथॉन और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की पहल भी सामने आई।
भारत ने आसियान देशों के पर्यटकों के लिए मुफ्त ई-वीजा की घोषणा की। युवाओं, स्टार्टअप, शिक्षा और सांस्कृतिक संपर्क को बढ़ावा देने के लिए भी कई प्रस्ताव रखे गए। पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से निपटने के लिए सहयोग पर जोर दिया गया। इस मंच पर समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता भी चर्चा के प्रमुख विषय रहे।
मनीला यात्रा के दौरान मोदी ने फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी की। दोनों नेताओं ने रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, निवेश, अंतरिक्ष, रेलवे और डिजिटल वित्तीय प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की। इससे भारत और फिलीपींस की रणनीतिक साझेदारी को व्यापक बनाने की दिशा में प्रयासों को बल मिला।
इसी सप्ताह भारत-यूके संबंधों में भी सस्टेनेबिलिटी और पर्यावरणीय नवाचार प्रमुख मुद्दा रहा। ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस ऑफ वेल्स कैथरीन तीन दिवसीय यात्रा पर भारत आए। उनकी यात्रा का केंद्र मुंबई में आयोजित अर्थशॉट प्राइज 2026 समारोह रहा।
प्रिंस विलियम द्वारा स्थापित अर्थशॉट प्राइज जलवायु परिवर्तन, वायु प्रदूषण, कचरा प्रबंधन, महासागर संरक्षण और जैव विविधता जैसे वैश्विक पर्यावरणीय चुनौतियों के अभिनव समाधानों को मान्यता देता है। मुंबई में उन्होंने सस्टेनेबल ट्रांसपोर्ट, स्वच्छ ऊर्जा, जिम्मेदार विनिर्माण और पर्यावरण संरक्षण में भारत के काम को करीब से देखा।
शाही दंपति ने मुंबई मेट्रो की सवारी की, सचिन तेंदुलकर के साथ गली क्रिकेट खेला, बांद्रा में महिंद्रा के इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर की सवारी की और अर्थशॉट के 15 फाइनलिस्टों से मुलाकात की। भारत के दो फाइनलिस्ट - महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी और महिला हाउसिंग ट्रस्ट - ने स्वच्छ हवा और जलवायु लचीलेपन के क्षेत्र में अपने समाधानों को प्रस्तुत किया। महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी ने 'क्लीन अवर एयर' श्रेणी में अर्थशॉट प्राइज 2026 जीता।
नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात में प्रिंस विलियम और कैथरीन ने जलवायु नवाचार और भारत-यूके व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने अर्थशॉट प्राइज के माध्यम से वैश्विक स्तर पर पर्यावरणीय समाधानों को बढ़ावा देने और भारत के योगदान को सामने लाने के प्रयासों की सराहना की। इस यात्रा ने भारत-यूके विजन 2035 के तहत स्वच्छ ऊर्जा, तकनीक, शिक्षा और निवेश में सहयोग को और मजबूत किया।
इस सप्ताह भारत की कूटनीतिक सक्रियता का एक और बड़ा केंद्र जापान रहा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 19 नवंबर को टोक्यो में जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी के साथ चौथी भारत-जापान 2+2 विदेश एवं रक्षा मंत्रिस्तरीय वार्ता में हिस्सा लिया।
बैठक में दोनों देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियम आधारित व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों पक्षों ने संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान तथा विवादों के शांतिपूर्ण समाधान पर जोर दिया। साथ ही किसी भी देश की ओर से एकतरफा तरीके से यथास्थिति बदलने के प्रयासों से बचने की आवश्यकता बताई।
वार्ता में भारत की हिंद-प्रशांत महासागर पहल (आईपीओआई) और 'महासागर' दृष्टि के साथ जापान की 'फ्री एंड ओपन इंडो-पैसिफिक' रणनीति के बीच तालमेल बढ़ाने पर सहमति जताई गई। रक्षा और सुरक्षा सहयोग के साथ ऊर्जा सुरक्षा, आर्थिक सुरक्षा, तकनीक, नवाचार, समुद्री क्षेत्र, अंतरिक्ष और आतंकवाद जैसे मुद्दे भी बातचीत के केंद्र में रहे।
दोनों देशों ने रक्षा अभ्यासों और सैन्य संपर्क को और मजबूत करने पर संतोष जताया। जापान के लड़ाकू विमानों की पहली भारत यात्रा और 'वीर गार्जियन 26' वायुसेना अभ्यास को भी बढ़ते सैन्य सहयोग के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना गया। इस वार्ता ने स्पष्ट किया कि भारत और जापान के रिश्ते अब केवल व्यापार और निवेश तक सीमित नहीं हैं, बल्कि क्षेत्रीय सुरक्षा और रक्षा तकनीक में भी उनका दायरा बढ़ रहा है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story