भारत

पूर्व CM के पिता की 26 बीघा जमीन पर जालसाजी, जाने पूरा मामला...

SHIDDHANT
2 Oct 2026 9:43 PM IST
पूर्व CM के पिता की 26 बीघा जमीन पर जालसाजी, जाने पूरा मामला...
x
बिजनौर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ के पिता स्वर्गीय महेंद्रनाथ की उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में स्थित करीब 26 बीघा कृषि भूमि को कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए हड़पने की कोशिश का मामला सामने आया है। नजीबाबाद तहसील के गांव अमीखानपुर स्थित जमीन को फर्जी वसीयत और मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर अपने नाम कराने का प्रयास किया गया। मामले में पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब कमलनाथ ने 18 मई 2026 को नजीबाबाद तहसील में अपने पिता की जमीन की विरासत अपने नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया। आवेदन की जांच के दौरान लेखपाल ने जमीन को विवादित बताते हुए रिपोर्ट दी। इसके बाद पुराने दस्तावेजों और जमीन से संबंधित मामलों की पड़ताल शुरू हुई। जांच में धर्मपाल सिंह बनाम ग्राम सभा के पुराने मुकदमे के साथ एक कथित फर्जी वसीयत की जानकारी सामने आई।
जानकारी के अनुसार, कमलनाथ के पिता महेंद्रनाथ के नाम अमीखानपुर गांव में गाटा संख्या 429 के तहत 2.1560 हेक्टेयर कृषि भूमि दर्ज थी। बताया गया है कि जमीन बटाई पर दी गई थी और लंबे समय तक परिवार का कोई सदस्य इसकी देखरेख के लिए वहां नहीं पहुंचा। इसी दौरान जमीन पर दावा करने के लिए कथित रूप से कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए।
जांच में 7 अक्टूबर 1998 की एक अपंजीकृत वसीयत सामने आई, जिसे फर्जी बताया गया है। इसके अलावा महेंद्रनाथ का 10 अप्रैल 2003 की तारीख वाला कथित फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र भी नजीबाबाद से बनवाया गया था। जबकि दी गई जानकारी के मुताबिक महेंद्रनाथ का निधन 7 सितंबर 2004 को नई दिल्ली के एस्कॉर्ट अस्पताल में हुआ था। कथित फर्जी दस्तावेज में कमलनाथ की माता का नाम भी गलत दर्ज पाया गया। मामला सामने आने के बाद 30 सितंबर 2026 को नजीबाबाद थाने में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1 अक्टूबर को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अब पूरे मामले में फर्जी दस्तावेज तैयार करने और जमीन पर दावा करने से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
Next Story