भारत
करोड़ों की धोखाधड़ी, मुख्यमंत्री के पूर्व निजी सचिव समेत 4 पर FIR
jantaserishta.com
12 Aug 2023 12:27 PM IST

x
भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री के पूर्व निजी सचिव समेत सात लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
देहरादून: एक बार फिर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रवैया अपनाते हुए करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले में अपने ही पूर्व निजी सचिव समेत सात लोगों पर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद इन सभी पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पंजाब के भाजपा नेता ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के पूर्व निजी सचिव समेत सात लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। आरोप है कि पूर्व निजी सचिव ने उन्हें सरकारी टेंडर दिलाने और दवा सप्लाई का काम दिलाने का झांसा दिया था। इन सबके लिए 3.42 करोड़ रुपये से ज्यादा ठग लिए। इसमें पटियाला के कई भाजपा नेता शिकार हुए हैं। पीड़ित की शिकायत पर सातों आरोपियों के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी सिटी सरिता डोबाल ने बताया, ठगी पटियाला जिले के भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव कुमार और उनके साथियों के साथ हुई है। संजीव ने बताया, उनकी मुलाकात पिछले साल मुख्यमंत्री कार्यालय में उनके निजी सचिव प्रकाश चंद उपाध्याय से हुई थी। उपाध्याय से उनकी दोस्ती हो गई। इस बीच उपाध्याय ने संजीव से कहा, वह उन्हें कई तरह के सरकारी काम दिला सकते हैं। इसके लिए अन्य साथियों की तलाश करनी होगी।
संजीव ने उनकी बात पर विश्वास कर अपने कारोबारी दोस्तों से संपर्क किया। उनकी कुछ दवा सप्लाई और निर्माण संबंधी फर्म थीं। इसके बाद उपाध्याय ने उनसे विभिन्न कामों के लिए अलग-अलग तिथियों में 3.42 करोड़ रुपये ले लिए। यह रकम कभी उन्होंने सचिवालय के पास ली, तो कभी विधानसभा के पास। इसके बाद भी विधानसभा और सचिवालय में मुलाकात होती रही। उपाध्याय से वह जब भी मिलते, उनके हाथ में इन कामों से संबंधित फाइलें होती थीं। उन्हें झांसा दिया जाता था कि इन फाइलों पर कुछ हस्ताक्षर की जरूरत है और आपका काम हो जाएगा। इस पर विश्वास करते हुए वह पैसे देते चले गए। लेकिन, काम कुछ नहीं हुआ। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे, तो इस साल मार्च में देने का वादा किया गया। लेकिन, मार्च में उन्होंने बात टाल दी।
एसपी सिटी ने बताया, उपाध्याय के साथ उनके साथी सौरभ शर्मा उर्फ सौरभ वत्स निवासी पाम सिटी, उसकी पत्नी नंदिनी, महेश माहरिया, रौनक महारिया, अमित लांबा और शाहरुख खान भी थे। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
30 लाख का चेक हो गया बाउंस: पिछले दिनों उपाध्याय ने संजीव और उनके साथियों को घर बुलाया। यहां उन्हें 30 लाख रुपये का चेक दिया, जो उनके नौकर शाहरुख के नाम का था। इस चेक को उन्होंने बैंक में जमा किया, लेकिन वह बाउंस हो गया।
पीड़ितों पर दर्ज करा दिया था मुकदमा: उपाध्याय ने पीड़ितों के साथ एक और चालबाजी की। जिस दिन उन्हें चेक देने के लिए घर बुलाया, उसी दिन उन पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा दिया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद पीड़ितों ने पूरा मामला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बताया। मुख्यमंत्री ने एसएसपी को कारवाई के निर्देश दिए।
Tagsमुख्यमंत्री पूर्व निजी सचिवधोखाधड़ीउत्तराखंडउत्तराखंड न्यूज़उत्तराखंड पुलिसFormer Private Secretary to Chief MinisterFraudUttarakhandUttarakhand NewsUttarakhand Police
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





