भारत
इंस्टाग्राम पर फर्जी शॉपिंग और अमेजन डिलीवरी के नाम पर ठगी का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड गिरफ्तार
jantaserishta.com
27 Nov 2026 12:23 PM IST

x
पीड़ित महिला से ठगे गए 1.04 लाख रुपए भी बरामद कर वापस दिला दिए गए हैं.
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिले की साइबर पुलिस ने इंस्टाग्राम पर फर्जी शॉपिंग और अमेजन डिलीवरी के नाम पर हो रही ठगी का बड़ा भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड समेत दो आरोपियों को दिल्ली और जयपुर से गिरफ्तार किया है। पीड़ित महिला से ठगे गए 1.04 लाख रुपए भी बरामद कर वापस दिला दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने ठगी की रकम को छिपाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया था। ठगी गई रकम को एक ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के क्यूआर कोड के जरिए ट्रांसफर किया जाता था। जांच में चार मोबाइल फोन, फर्जी पैन व आधार कार्ड, अमेजन के नकली आईडी कार्ड, क्यूआर कोड और इंस्टाग्राम के सात फर्जी शॉपिंग पेजों का डिजिटल डेटा बरामद किया गया है। साथ ही 57 संभावित पीड़ितों की सूची भी मिली है। पुलिस अब पूरे भारत में अन्य पीड़ितों की पहचान कर रही है।
मामला मालवीय नगर की रहने वाली एक महिला की शिकायत से शुरू हुआ। महिला ने इंस्टाग्राम पर एक फर्जी शॉपिंग पेज से 999 रुपये का बैग ऑर्डर किया था। इसके बाद खुद को अमेजन का डिलीवरी एजेंट बताने वाले एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। उसने ऑफर वेरिफिकेशन, प्रोसेसिंग चार्ज और रिफंड एक्टिवेशन के नाम पर महिला से कई बार पैसे ट्रांसफर करवाए। इस तरह महिला के साथ कुल 1,03,973 रुपए की धोखाधड़ी हुई।
इस संबंध में साइबर साउथ पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 318(4)/319 के तहत ई-एफआईआर संख्या 443/2026, दिनांक 12.07.2026 को दर्ज की गई। शिकायत मिलते ही साइबर साउथ पुलिस स्टेशन की विशेष टीम ने जांच शुरू की।
टीम में एसआई दुष्यंत, एचसी तरुण कुमार, एचसी संदीप कुमार, महिला एचसी पूजा और एचसी सुरेश शामिल थे। यह टीम साइबर साउथ पुलिस स्टेशन के एसएचओ इंस्पेक्टर हंसराज स्वामी के नेतृत्व में और साउथ डिस्ट्रिक्ट के एसीपी (ऑपरेशंस) बलराम सिंह बेनीवाल की देखरेख में काम कर रही थी।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्हाट्सएप नंबर और अन्य संबंधित डेटा का विश्लेषण किया। इससे आरोपियों की पहचान हुई और जांच के तार राजस्थान के जयपुर तक पहुंचे। स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी अजय मीणा को जयपुर के जमवा रामगढ़ से पकड़ा गया। उसके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।
इसके बाद लगातार तकनीकी निगरानी के जरिए इस पूरे मामले के मास्टरमाइंड अशोक कुमार मीणा का पता लगाया गया और उसे 23.11.2026 को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। जांच के दौरान ठगी गई रकम में से 1.04 लाख रुपए बरामद किए गए और पीड़ित को वापस लौटा दिए गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी इंस्टाग्राम पर फर्जी शॉपिंग पेज चलाते थे, जहां वे बहुत कम कीमतों पर सामान देने का लालच देते थे। वे ग्राहकों को एडवांस पेमेंट के लिए व्हाट्सएप पर बुलाते थे। फर्जी व्हाट्सएप नंबरों और नकली पहचान पत्रों का इस्तेमाल करके वे खुद को अमेजन का डिलीवरी एजेंट बताते थे, ताकि पीड़ितों से बार-बार पैसे लिए जा सकें। ठगी गई रकम को छिपाने के लिए वे इसे एक ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट के क्यूआर कोड और गेमिंग आईडी के जरिए ट्रांसफर करवाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक कुमार मीणा (32) और अजय मीणा (20) के रूप में हुई है। दोनों ही जयपुर के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार दोनों का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
बरामदगी में चार मोबाइल फोन, आईफोन 17 प्रो, आईफोन 16, ओप्पो ए-78 5जी और शाओमी रेडमी 12 5जी शामिल हैं। आईफोन 17 प्रो को कथित तौर पर अपराध से प्राप्त पैसों से खरीदा गया था। इसके अलावा नितिन कुमार सिंह के नाम पर फर्जी पैन कार्ड, आधार कार्ड और नकली अमेजन आईडी कार्ड बरामद हुए हैं। सात फर्जी इंस्टाग्राम शॉपिंग पेजों का डेटा भी मिला है। डीसीपी साउथ अनंत मित्तल ने बताया कि आगे की कार्रवाई जारी है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





