भारत

बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड के चार मुख्य आरोपियों की बाजार में परेड

Shantanu Roy
7 Oct 2026 7:02 PM IST
बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड के चार मुख्य आरोपियों की बाजार में परेड
x
बड़ी खबर
Godda. गोड्डा। गोड्डा के चर्चित बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस ने बुधवार को चार मुख्य आरोपियों की गोड्डा सदर बाजार में परेड कराई। इसके बाद आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर पूरी वारदात का सीन री-क्रिएट कराया गया। पुलिस इस कार्रवाई के जरिए लूट की योजना, आरोपियों की भूमिका और वारदात के दौरान अपनाए गए तरीके से जुड़े तथ्यों का सत्यापन कर रही है। मामला गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के कारगिल चौक के पास स्थित बंगाल ज्वेलर्स का है। पुलिस के अनुसार 8 जुलाई की शाम टीवीएस कंपनी की अपाची
बाइक
से तीन अपराधी दुकान पर पहुंचे थे। आरोप है कि हथियार के बल पर उन्होंने ज्वेलरी दुकान में लूट की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद दुकान संचालक बासुदेव राय की शिकायत पर गोड्डा नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। पुलिस ने जांच तेज करते हुए करीब 72 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने का दावा किया और राजेश यादव तथा अजीत यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक राजेश यादव के घर की तलाशी के दौरान 39.93 ग्राम सोना, 41 हजार 500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद की गई थी। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया और अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की गई। दुमका पुलिस के सहयोग से दानवीर पासवान को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से लूट की वारदात में इस्तेमाल की गई नीले रंग की अपाची मोटरसाइकिल बरामद करने की जानकारी दी थी।
जांच के दौरान पुलिस को रेकी, अपराधियों तक सूचना पहुंचाने और लूटे गए सोने की खरीद-बिक्री से जुड़े पहलुओं की भी जानकारी मिली। इसी आधार पर कथित मास्टरमाइंड और स्वर्ण व्यवसायी चंद्रशेखर कुमार साह उर्फ पूरण साह को 13 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस के अनुसार लूट के सोने की खरीद-बिक्री में सहयोग के आरोप में गोड्डा और बांका जिले के कई स्वर्ण व्यवसायियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा पाकुड़ और गोड्डा पुलिस के संयुक्त प्रयास से बांका में फरार चल रहे प्रवीण कुमार उर्फ पारो उर्फ प्रवीण कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का दावा है कि गिरोह से जुड़े कुछ आरोपी गोड्डा के अलावा बांका, देवघर, जामताड़ा, बोकारो और पाकुड़ जिलों में ज्वेलरी दुकानों तथा सीएसपी केंद्रों में हुई लूट की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी का शव देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र से बरामद होने की जानकारी भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों की भूमिका, बरामद सामान और अन्य मामलों से उनके संभावित संबंधों की जांच कर रही है। बुधवार को कराई गई परेड और सीन री-क्रिएशन को इसी जांच प्रक्रिया का हिस्सा बताया जा रहा है।
Next Story