भारत

चोरी के आरोप में चार गिरफ्तार, सर्दियों में स्कूलों को बनाते थे निशाना

jantaserishta.com
10 April 2026 5:56 PM IST
चोरी के आरोप में चार गिरफ्तार, सर्दियों में स्कूलों को बनाते थे निशाना
x
गिरोह का पर्दाफाश.
इटावा: इटावा पुलिस ने लंबे समय से स्कूलों और सरकारी संस्थानों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में चोरी का सामान, हथियार और कैश बरामद किया है। आरोपी सर्दियों की छुट्टियों में बंद पड़े स्कूलों को निशाना बनाते थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, आरोपी बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात करते थे। वे पहले प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों की रेकी करते और फिर सर्दियों की छुट्टियों का इंतजार करते थे, जब स्कूल लंबे समय तक बंद रहते थे। इसी दौरान ये लोग चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते थे।
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लायन सफारी रोड स्थित एक निर्माणाधीन मकान में चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर एसओजी और सिविल लाइन थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वारदात के दौरान एक सदस्य बाहर निगरानी करता था, जबकि बाकी अंदर जाकर सामान चोरी करते थे। चोरी के बाद सामान को ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल के जरिए एक स्थान पर जमा किया जाता और बाद में बेचकर मुनाफा आपस में बांट लिया जाता था।
जांच में सामने आया कि गिरोह ने भरथना, सैफई, इकदिल, सिविल लाइन, बढ़पुरा, बिठौली और बकेवर थाना क्षेत्रों में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। स्कूलों से इन्वर्टर, एलईडी टीवी, कंप्यूटर, पंखे, गैस सिलेंडर और मिड-डे मील का राशन सहित अन्य सामान चोरी किया गया था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचा, तलवार और अवैध चाकू समेत कई हथियार बरामद किए हैं। इसके अलावा एलईडी टीवी, एसी, मॉनीटर, प्रिंटर, इन्वर्टर, बैटरियां, टैबलेट, सीलिंग फैन, गैस सिलेंडर, सीसीटीवी कैमरे और रसोई का सामान भी बरामद हुआ है। चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार, एक मोटरसाइकिल और 9,500 रुपए भी जब्त किए गए हैं। इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को 25 हजार रुपए का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story