भारत

मोबाइल चोरी कर आधार फोटो से UPI रीसेट कर उड़ाए 2.84 लाख, चार आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
27 Sept 2026 6:22 PM IST
मोबाइल चोरी कर आधार फोटो से UPI रीसेट कर उड़ाए 2.84 लाख, चार आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मोबाइल चोरी कर बैंक खातों से लाखों रुपए निकालने का मामला सामने आया है। चकरभाठा पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने मोबाइल में मौजूद आधार कार्ड की फोटो का इस्तेमाल कर यूपीआई एप को रीसेट किया और युवक व उसकी मां के बैंक खातों से कुल 2 लाख 84 हजार रुपए निकाल लिए। जानकारी के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब युवक तेज बारिश के कारण रात में घर जाते समय इंडियन कॉफी हाउस
चकरभाठा
के पास रुक गया था। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक खराब हुई और वह बेहोश होकर गिर गया। जब उसे होश आया तो वह सिम्स अस्पताल के बेड पर था। इस दौरान उसका मोबाइल गायब था।
पीड़ित युवक सूरज सतनामी ने पुलिस को बताया कि 8 सितंबर की रात करीब 11 बजे तेज बारिश के कारण वह इंडियन कॉफी हाउस के पास रुक गया था। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद किसी ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जब उसकी आंख खुली तो वह सिम्स अस्पताल में भर्ती था। उसका दोस्त भी वहां मौजूद नहीं था और उसका मोबाइल भी गायब था। कुछ दिनों बाद सूरज ने नया सिम लेकर मोबाइल में लगाया। इसके बाद उसके फोन पर यूपीआई लेनदेन से जुड़े मैसेज आने शुरू हुए। मैसेज देखने के बाद उसके होश उड़ गए। जांच करने पर पता चला कि उसके और उसकी मां के बैंक खातों से कुल 2 लाख 84 हजार रुपए निकाले जा चुके थे।
इसके बाद सूरज ने 25 सितंबर को चकरभाठा थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही बैंक लेनदेन, तकनीकी जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने संगठित तरीके से वारदात करना स्वीकार किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मोबाइल चोरी करने के बाद उसका स्क्रीन लॉक खोल लिया।
इसके बाद मोबाइल की गैलरी में रखी आधार कार्ड की फोटो से आधार नंबर की जानकारी हासिल की गई। आरोपियों ने इसी जानकारी का इस्तेमाल कर फोन पे, पेटीएम सहित अन्य यूपीआई सेवाओं को रीसेट किया और बैंक खातों तक पहुंच बनाई। इसके बाद युवक और उसकी मां के खातों से रकम निकाल ली गई। पुलिस के मुताबिक, चोरी की गई रकम का कुछ हिस्सा दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया, जबकि कुछ रकम ऑनलाइन गेमिंग आईडी में डाली गई। आरोपियों ने चोरी की रकम से कपड़े और अन्य सामान भी खरीदे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, एक पावर बैंक, खरीदे गए कपड़े और 15 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 75 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने मामले में चकरभाठा निवासी विवेक वर्मा, करन नायक, गौरी शंकर साहू उर्फ लालू और गगन उर्फ शिबू साहू को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2), 318(4), 238, 112, 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66(सी), 66(डी) के तहत कार्रवाई की गई है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट के आदेश पर सभी को ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और इस तरह की अन्य वारदातों में आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
Next Story