भारत

हत्या और साजिश के आरोपों में घिरे पूर्व सांसद एन. भास्कर राव पहुंचे जेल

SHIDDHANT
9 Nov 2026 5:57 PM IST
हत्या और साजिश के आरोपों में घिरे पूर्व सांसद एन. भास्कर राव पहुंचे जेल
x
Crime News
ओडिशा: पूर्व राज्यसभा सांसद एन. भास्कर राव को 2010 के भागीरथी मंडांगी हत्याकांड में आखिरकार जेल जाना पड़ा। सोमवार को उन्होंने रायगड़ा की उप-विभागीय न्यायिक मजिस्ट्रेट (SDJM) अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। सुप्रीम कोर्ट से जमानत संबंधी राहत नहीं मिलने के बाद अदालत ने उन्हें रायगड़ा उप-जेल भेजने का आदेश दिया। राव के आत्मसमर्पण से पहले उनके रायगड़ा स्थित आवास पर समर्थकों की भीड़ जुटी थी। बड़ी संख्या में समर्थक उनसे मिलने पहुंचे। इसके बाद वह अदालत पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद सरेंडर
इस मामले में भागीरथी मंडांगी के भाई जगन्नाथ मंडांगी ने ओडिशा हाईकोर्ट के जमानत संबंधी आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। 26 अक्टूबर 2026 को शीर्ष अदालत ने हाईकोर्ट के आदेश के उस हिस्से को रद्द कर दिया, जिसमें आत्मसमर्पण के बाद नियमित जमानत देने का निर्देश था। इसके बाद जमानत पर फैसला लेने का अधिकार निचली अदालत के पास रहा।
2010 में दर्ज हुई थी FIR
भागीरथी मंडांगी हत्याकांड में 23 दिसंबर 2010 को रायगड़ा थाने में हत्या, अपहरण और आपराधिक साजिश समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। जांच बाद में क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई थी। इस मामले में एन. भास्कर राव के अलावा एपिली संन्यासी राजू, अदीनारायण राव, के. कृष्णा राव और पी. दिलीप कुमार भी आरोपी हैं।
60 करोड़ रुपये की कथित गड़बड़ी की भी जांच
पूर्व सांसद एक अन्य मामले में भी जांच के दायरे में हैं। रायगड़ा ट्रक ओनर्स एसोसिएशन से जुड़े करीब 60 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता की जांच आर्थिक अपराध शाखा कर रही है। हाल ही में रायगड़ा और भुवनेश्वर के 11 ठिकानों पर तलाशी लेकर दस्तावेज जब्त किए गए थे। फिलहाल भागीरथी मंडांगी हत्याकांड में न्यायिक प्रक्रिया जारी है और आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत में होना है।
Next Story