पूर्व मंत्री अपने भाई के साथ भिड़ गए, पानी निकासी को लेकर लाठी से एक-दूसरे पर किए हमले

यूपी। गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के खुटहन खास गांव में पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री गंगा प्रसाद निषाद और उनके सगे भाई भागवत चन्द्र के बीच पानी निकासी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ गुलरिहा थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री गंगा प्रसाद निषाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार सुबह करीब छह बजे वह अपने दरवाजे पर टहल रहे थे। इसी दौरान उनके पटीदार और भाई भागवत चन्द्र अपने घर के सामने गड्ढा खोदकर बरसाती पानी उनके मकान की नींव की ओर बहा रहे थे। गंगा निषाद का आरोप है कि उन्होंने इसका विरोध करने पर भागवत चन्द्र और उनके बेटे विजय ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि विजय और अजय लाठी और हथौड़ा लेकर पहुंचे और उनके सिर पर हमला कर घायल कर दिया।
वहीं, दूसरे पक्ष से भागवत चन्द्र ने भी तहरीर देकर गंगा निषाद और उनके परिवार पर मारपीट का आरोप लगाया है। भागवत चन्द्र के मुताबिक, सुबह करीब 6:21 बजे गंगा निषाद ने फोन कर उन्हें दूसरे दरवाजे पर बुलाया और पानी निकासी को लेकर बहस शुरू कर दी। आरोप है कि गंगा निषाद के नाती आकर्ष निषाद और अन्य लोगों ने उन पर तथा उनके बेटे पर हमला कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भाइयों के बीच पहले भी विवाद की घटना हो चुकी है।
इस मामले में सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि दो सगे भाइयों के बीच मारपीट की घटना हुई है। पुलिस ने दोनों पक्ष की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच व साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





