ISRO के पूर्व अधिकारी ने की हत्या, पत्नी को मारकर सुसाइड की कोशिश भी

बेंगलुरू। भारतीय स्पेस रिसर्स ऑर्गनाइजेशन(ISRO) में काम कर चुके एक बुजुर्ग व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की तौलिये से गला घोंटकर हत्या कर दी है। पुलिस के मुताबिक बेंगलुरू के अवाल्हाली थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद आरोपी नागेश्वर राव को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि राव गंभीर डिप्रेशन से जूझ रहे हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया यह घटना सुबह करीब 11 बजे हुए। 65 वर्षीय नागेश्वर ने अपनी पत्नी की तौलिए से गला घोंट कर हत्या कर दी। हालांकि, इसके बाद उन्होंने आत्महत्या करने की भी योजना बनाई थी। परिचितों से मिली जानकारी के मुताबिक घटना के बाद नागेश्वर कई घंटे तक शव के पास ही मौजूद रहे, वहां से उन्होंने अपने एक करीबी दोस्त को फोन लगाया, जिसने बाद में पुलिस को फोन करके घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नागेश्वर को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया, "वह डिप्रेशन का इलाज करवा रहे थे और मानसिक रूप से परेशान थे। कथित रूप से घटना के बाद वह आत्महत्या करना चाहते थे, इसी कारण उन्होंने अपनी पत्नी पर हमला कर दिया। इसके पीछे कोई और कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। अधिकारी ने बताया कि दंपत्ति की एक लड़की भी है, जो कि अमेरिका में रहती है। उसे भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल नागेश्वर को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन पर केस दर्ज करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।





