भारत

पूर्व पार्षद के सिर में मारी गोली, मौत

Shantanu Roy
7 Jan 2023 3:52 PM GMT
पूर्व पार्षद के सिर में मारी गोली, मौत
x
अजमेर। तीर्थ नगरी के पुष्कर के निकटवर्ती ग्राम बांसेली में निजी रिसोर्ट युवराज फार्म हाऊस में हुई फायरिंग में पूर्व पार्षद अजमेर पलटन बाजार निवासी सवाईसिंह तंवर की मौत हो गई वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान के सेवानिवृत्त कर्मचारी दिनेश तिवाड़ी और दूसरे रेलवे से सेवानिवृत्त खालिक नूर शामिल हैं। बताया जाता है कि आरोपितों ने पूर्व पार्षद संवाई सिंह तंवर के घात लगाकर तीन-चार राउण्ड गोली दागी जो उनके सिर में लगी। वहीं उनके साथी दिनेश तिवारी के गोली पेट में लगकर आरपार हो गई। फायरिंग में खालिक नूर के भी जख्मी होने की खबर है पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा।
फायरिंग में मृतक सवाईसिंह तंवर व घायल दिनेश तिवारी को गम्भीर हालत में अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल लाया गया है। दिनेश तिवारी का तत्काल ऑपरेशन किया गया है फिलहाल उनकी जान बचाने की कवायद की जा रही है। पूर्व पार्षद सवाईसिंह तंवर को मृत घोषित कर उनका शव मोर्चरी में रखवा दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फायरिंग की घटना युवराज रिसोर्ट बांसेली की है पूर्व पार्षद सवाईसिंह और उनके दोस्त दिनेश तिवारी व खालिक नूर यहां युवराज रिसोर्ट पर फेंसिंग आदि के कार्य के सिलसिले में नियमित आते-जाते रहा करते थे। युवराज रिसोर्ट भी उन्ही के परिचित का बताया जाता है। यहां सवाईसिंह तंवर के पुत्र का 16 जनवरी को विवाह होना सुनिश्चित बताया जा रहा था। हमलावर जिनपर संदेह किया जा रहा है उन्होंने सवाईसिंह तंवर से पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए घात लगा कर हमला किया।
संदेह जताया जा रहा है कि वर्ष 1995-96 के दौरान अजमेर के श्रीनगर रोड से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र के संपादक रहे कु.मदनसिंह की हत्या का बदला लेने के लिए उनके पुत्र धर्म प्रताप सिंह और सूर्य प्रताप सिंह ने रैकी कर फायरिंग की। संपादक कु. मदनसिंह की तब जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती रहते गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप सवाईसिंह तंवर और उनके तीन साथियों जिनमें कांग्रेस के पूर्व विधायक राजकुमार जयपाल व एस. शिवहरे सहित एक अन्य पर था।
मामला अर्से तक अदालत में चला बाद में पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में सभी आरोपित दोष मुक्त कर दिए गए थे। तभी से कु. मदन सिंह के परिवारजन आरोपितों पर घात लगाकर हमला करने की फिराक में थे। पूर्व में एक बार एस शिवहरे पर घात लगाकर सरेराह हमला किया गया जिसमें शिवहरे गंभीर रूप से घायल व आजीवन लाचार हो गए थे। बाद में उनकी भी मृत्यु हो गई। दूसरा हमला स्थानीय रीजनल कॉलेज के निकट एक रेस्टोरेंट के बाहर कांग्रेस के पूर्व विधायक राजकुमार जयपाल पर भी घातलगाकर फायरिंग की गई थी जिसमें वे बालबाल बच गए थे। आरोपितों को पुलिस ने पकड़कर पाबंद भी कर दिया था। इसके बाद लम्बा समय गुजर गया। एक बार फिर अब जब फायरिंग में सवाईसिंह की मौत हो गई तो संदेह एक बार फिर उसी रंजिश और उन्हीं आरोपितों पर जा रहा है।
बहरहाल पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपितों का अभी कोई खुलासा नहीं किया गया है। घटना के बाद से समूचे शहर में सनसनी फैल गई है। लम्बी चलती रंजिश को लेकर पुलिस व जिला प्रशासन घटना को गंभीरता से ले रहा है। पुलिस का अनुसंधान शुरू हो गया हैं। स्थानीय जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के बाहर शुभचिंतको की भारी भीड़ जमा हो गई है। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जेएलएन हॉस्पिटल पहुंच गए है। वहां भारी पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने विभिन्न टीमें गठित कर आरोपितों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक पुरानी रंजिश का फीडबैक लेने में जुटे हैं।
Next Story