भारत

पूर्व सीएम कल्याण सिंह की अस्थियां गंगा घाट पर हुई विसर्जित, बेटा, पोता व अन्य परिजन रहे मौजूद

Kunti Dhruw
27 Aug 2021 12:00 PM GMT
पूर्व सीएम कल्याण सिंह की अस्थियां गंगा घाट पर हुई विसर्जित,  बेटा, पोता व अन्य परिजन रहे मौजूद
x
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की अस्थियां शुक्रवार को नरौरा स्थित बसी गंगा घाट पर विसर्जित की गईं।

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की अस्थियां शुक्रवार को नरौरा स्थित बसी गंगा घाट पर विसर्जित की गईं। कल्याण सिंह की अस्थियां चुनने उनके बेटे और एटा सांसद राजवीर सिंह पहुंचे। उनके साथ कल्याण सिंह के पौत्र राज्यमंत्री संदीप सिंह और अन्य परिजन भी मौजूद रहे। इस दौरान मोटर बोट पर गंगा में पूर्व मुख्यमंत्री की अस्थियों को राजवीर सिंह ने विसर्जित किया। शेष फूल को लोगों के साथ भोला सिंह ने गंगा में प्रवाहित किया।

अस्थियों के विसर्जन के दौरान लोग बसी घाट पर 'जब तक सूरज चांद रहेगा, बाबू जी का नाम रहेगा' और 'जय श्री राम' के नारे लगाते रहे। दो कलश की अस्थियां अरिष्टि के बाद अयोध्या और काशी में विसर्जित की जाएंगी। अस्थियां चुनने के लिए एटा सांसद राजवीर सिंह परिजनों के साथ गंगा घाट पहुंचे। वहीं राजघाट चौराहे पर 11 फुट ऊंची प्रतिमा लगा चौराहे का नाम कल्याण सिंह के नाम पर रखा गया।Former CM Kalyan Singh's ashes immersed at Ganga Ghat
अस्थि विसर्जन के लिए दो मोटरबोट की व्यवस्था
सोमवार को बच्चा पार्क में बाबूजी के अंतिम संस्कार के बाद से पार्क में पुलिस बल तैनात है। पुलिस द्वारा पार्क में अंत्येष्टि स्थल पर बाबूजी की चिता के कारण वहां आमजन को आने-जाने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। नरौरा में गंगा नदी में अस्थि विसर्जन के लिए दो मोटर बोट को इंतजाम किया गया। बाबूजी के अंत्येष्टि स्थल पर प्रतिदिन शाम को भाजपा मंडल अध्यक्ष बीबी सिंह कार्यकर्ताओं के साथ पहुंच कर दीप जला रहे थे। नगर पंचायत द्वारा बच्चा पार्क सहित नगर में प्रवेश से लेकर बसीघाट, बच्चा पार्क को जाने वाले रास्तों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नगर पंचायत नरौरा के चेयरमैन विवेक वशिष्ठ ने बताया कि दो दर्जन से अधिक कर्मचारी सफाई कार्य में लगाए गए हैं।
सांसद ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
जिले में करीब 350 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे मेडिकल कॉलेज का नाम पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर रखने की मांग सांसद डा. भोला सिंह ने की थी। इसके लिए सांसद ने एक पत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा था। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने मेडिकल कालेज का नाम कल्याण सिंह के नाम पर रखने की घोषणा की। इस पर सांसद ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे कल्याण सिंह द्वारा देश के लिए किए गए कार्य हमेशा याद रहेंगे। युवा भी उनके नाम को नहीं भूलेंगे। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिसोदिया समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह पूर्व मुख्यमंत्री को सच्ची श्रद्धांजलि है।
Next Story