भारत

BREAKING: पूर्व चीफ सेक्रेटरी ने किया सुसाइड, घर में पंखे से लटका मिला शव

SHIDDHANT
8 Sept 2026 10:22 PM IST
BREAKING: पूर्व चीफ सेक्रेटरी ने किया सुसाइड, घर में पंखे से लटका मिला शव
x
74 साल के पूर्व IAS अफसर की मौत से सनसनी
Uttar Pradesh. उत्तर प्रदेश। दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव और 1975 बैच के आईएएस अधिकारी राकेश मेहता की कथित आत्महत्या से प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर है। 74 वर्षीय राकेश मेहता का शव 6 सितंबर को नोएडा के सेक्टर-82 स्थित उनके घर में पंखे से लटका मिला। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना की सूचना डायल-112 के जरिए मिली थी। सूचना मिलने के बाद थाना फेस-2 पुलिस मौके पर पहुंची। फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद पुलिस टीम ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव को बाहर निकाला। मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित किया गया और आगे की जांच शुरू की गई।
सुसाइड नोट में मानसिक और स्वास्थ्य समस्याओं का जिक्र
पुलिस के अनुसार, मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि नोट में राकेश मेहता ने मानसिक और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का जिक्र किया है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजहों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस परिवार के सदस्यों और करीबियों से भी जानकारी जुटा रही है।
पत्नी के फोन नहीं उठाने पर हुआ शक
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय राकेश मेहता की पत्नी सुमंती मेहता अपने बेटे से मिलने देहरादून गई हुई थीं। जब उन्होंने लगातार फोन किया और कोई जवाब नहीं मिला तो उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर जाकर जांच की, जहां राकेश मेहता का शव मिला।
कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान संभाली थी जिम्मेदारी
राकेश मेहता दिल्ली के प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों में शामिल रहे थे। वह पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल के दौरान वर्ष 2007 से नवंबर 2010 तक दिल्ली के मुख्य सचिव रहे। उनके कार्यकाल के दौरान वर्ष 2010 में दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन हुआ था। प्रशासनिक स्तर पर इस आयोजन की जिम्मेदारी संभालने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। पूर्व सहयोगियों के अनुसार, राकेश मेहता ने दिल्ली सरकार में कई अहम पदों पर सेवाएं दी थीं। उन्हें दिल्ली में परिवहन, बिजली और नागरिक बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई परियोजनाओं के क्रियान्वयन का श्रेय दिया जाता है।
अंतिम संस्कार संपन्न
राकेश मेहता का अंतिम संस्कार सोमवार को दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्मशान घाट पर किया गया। प्रशासनिक सेवा से जुड़े कई लोगों ने उनके निधन पर दुख जताया। फिलहाल नोएडा पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story