भारत

नेरवा में जनसभा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का जोरदार हमला

Shantanu Roy
26 Oct 2026 5:05 PM IST
नेरवा में जनसभा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का जोरदार हमला
x
शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार की विदाई का वक्त नजदीक है और अब जाने की घड़ी आ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल में भाजपा की सरकार आने वाली है। शिमला के चौपाल विधानसभा क्षेत्र के नेरवा में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में रविवार को पहुंचे जयराम ठाकुर के निशाने पर कांग्रेस सरकार रही। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार की जनता के दर्द को कम करने वाली योजनाओं को बंद करने का काम वर्तमान कांग्रेस सरकार ने किया है। नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस की गारंटियों पर भी सरकार पर खूब हमला बोला। जयराम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जनता से झूठ बोल कर सत्ता हासिल की थी। इस मौके पर सांसद सुरेश कश्यप, बलवीर वर्मा, सुभाष मंगलेट, भूपेंद्र , अरुण फालटा, शशिबाला तथा केशव चौहान आदि उपस्थित रहे।

नेरवा पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। नेरवा बाजार से लेकर सभास्थल तक एक विशाल रोडशो निकाला गया, जिसमें कांग्रेस सरकार के खिलाफ और भाजपा के पक्ष में जमकर नारेबाजी हुई। जयराम ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र के दोनों पूर्व विधायक आज एक मंच पर है। दोनों की ताकत इस क्षेत्र से भाजपा को और मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने दावा किया कि चौपाल ने 84 में से 74 प्रधान भाजपा विचारधारा के जीतकर आए हैं। चौपाल में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं व स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात का नवीनतम एपिसोड सुना। कार्यक्रम में पीएम ने आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर वोकल फॉर लोकल अभियान के तहत स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने और स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। साथ ही, उन्होंने स्टार्टअप ईकोसिस्टम में युवाओं की उल्लेखनीय उपलब्धियों, प्राकृतिक खेती और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया।
Next Story