भारत
बिलासपुर के मंडी भराड़ी में वन विभाग की कार्रवाई, वाहन जब्त
Shantanu Roy
21 Nov 2026 9:20 PM IST

x
बिलासपुर। जिला बिलासपुर में वन संपदा के अवैध परिवहन पर लगाम लगाने के लिए वन विभाग बिलासपुर ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वन विभाग बिलासपुर की टीम ने वन अरण्यपाल मृत्यूजंय माधव व डीएफओ बिलासपुर चमनलाल, आरओ बिलासपुर नरेंद्र सिंह की अगवाई में मंडी भराड़ी में नाका लगाकर यह कार्रवाई की है। वन विभाग की टीम द्वारा लकड़ी (बालन) से लोड छह गाडिय़ों को पकड़ा है। इन चार गाडिय़ों में चार गाडिय़ां बालन, एक गाड़ी चीड़ व एक गाड़ी ओषधीय लकड़ी डुगतली से लोड पाई गई है। वन विभाग द्वारा की गई कार्रवाई के तहत इन गाडिय़ों रेंज ऑफिस बिलासपुर लाया गया है।
वन विभाग द्वारा पकड़ी गई इस लकड़ी (बालन) की कीमत लाखों में बताई जा रही है। वन विभाग द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। वन विभाग बिलासपुर की ओर से गत बुधवार रात्रि जिला भर में अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान वन विभाग की टीम द्वारा गाडिय़ों की चैकिंग भी की जा रही थी। लकड़ी से लोड छह गाडिय़ों जब्त किया गया। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान किसी भी गाड़ी के पास लकड़ी के परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। इस कार्रवाई के बाद लकड़ी के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हडक़ंप मच गया है। उधर, सदर रेंज अधिकारी नरेंद्र सिंह दयाल ने बताया कि मंडी भराड़ी के पास जांच के दौरान छह गाडिय़ों को रोका गया, जिनमें चार गाडिय़ों में बालन, एक में चीड़ और एक में डुगतली की लकड़ी बरामद हुई है। वाहन मालिकों से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है।
Next Story





