
x
पांवटा साहिब। पांवटा साहिब में सिरमौर विजिलेंस की टीम ने दीपावली के त्योहार से ठीक पहले भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एक रेंज अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विजिलेंस टीम ने भंगानी रेंज में तैनात अधिकारी को दस हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए दबोचा है। आरोपी अधिकारी शिकायतकर्ता इकराम को काफी लंबे समय से परेशान कर रहा था। आरोपी शिकायतकर्ता के ट्रैक्टर को खनन कार्य के दौरान पकडऩे और उसका चालान न करने की एवज में दस हजार रुपए की मांग कर रहा था। परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना विजिलेंस अधिकारियों को दी और आरोपी के साथ हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी उन्हें सौंप दी। विजिलेंस विभाग ने शिकायत के आधार पर तुरंत जाल बिछाया। आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि देने के लिए पांवटा साहिब स्थित चुंगी नंबर-6 पर बुलाया था। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को पैसे थमाए, तो वहां पहले से तैयार विजिलेंस की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस की इस अचानक कार्रवाई से वन विभाग में हडक़ंप मच गया है। फिलहाल टीम मौके पर आगामी कार्रवाई और छानबीन में जुटी है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी। डीएसपी विजलेंस रमाकांत ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Next Story





