भारत

वन विभाग की कार्रवाई: पिकअप में लदी खैर की लकड़ी बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
1 April 2026 10:43 PM IST
वन विभाग की कार्रवाई: पिकअप में लदी खैर की लकड़ी बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार
x
बड़ी खबर
Kutlehar. कुटलैहड़। कुटलैहड़ क्षेत्र के तहत लठियाणी के समीप वन विभाग की टीम ने मंगलवार को एक बड़ी कार्यवाही करते हुए पिकअप ट्राला में लदी अवैध खैर की लकड़ी के 30 मौछे बरामद किए। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर 3 लोगों को पकड़ लिया, जबकि 2 आरोपी वहां से फरार हो गए। फरार लोगों की पुलिस तलाश कर रही है। वन विभाग की टीम ने बताया कि पिकअप ट्राला में लदी खैर की लकड़ी का अनुमानित मूल्य करीब 1 लाख 68 हजार रुपए है। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम नलूट जंगल में कटाई किए गए पेड़ों की पहचान और कटान की पूरी जानकारी इकट्ठा करने में जुटी हुई है।

वन विभाग को इस क्षेत्र में रात्रि के समय अवैध कटान होने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर मंगलवार सुबह वनरक्षक प्रवीण कुमार, आसिफ भट्टी, कर्ण सिंह और अंकुश की टीम ने गश्त के लिए क्षेत्र का दौरा किया। इसी दौरान नलूट में पिकअप ट्राला को रोककर जांच की गई तो उसमें खैर के मौछे लोड किए हुए पाए गए। वन कर्मियों ने ट्राला चालक से खैर की लकड़ी के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक कोई परमिशन नहीं दिखा सका। इसके बाद रेंज ऑफिसर अंकुश आनंद ने बंगाणा पुलिस थाना को तुरंत सूचना दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पकड़े गए 3 लोगों को पिकअप ट्राला के साथ पुलिस के हवाले कर दिया।

बंगाणा पुलिस थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि वन परिक्षेत्र अधिकारी बंगाणा अंकुश आनंद ने नलूट में पकड़े गए 5 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। आरोपियों में राजेश कुमार झजयाणी (थाना बड़सर), मनवर सिंह डडयार (थाना बंगाणा), अभिषेक मसलाना (थाना बड़सर), विशाल नलूट और अनीष कुमार शामिल हैं। मामला वन अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने सरकारी जंगल से खैर की लकड़ी चोरी-छिपे काटने के पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम जंगल में और गश्त बढ़ा रही है ताकि आगे ऐसी अवैध गतिविधियों को रोका जा सके। वन विभाग ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को अवैध लकड़ी की कटाई या परिवहन की जानकारी हो तो तुरंत वन विभाग या पुलिस को सूचित करें, ताकि जंगल और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Next Story