
x
हैरान करने वाला मामला.
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की सबसे पॉश कॉलोनियों में शुमार अरेरा कॉलोनी से फुटपाथ चोरी होने का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यह मामला अब हबीबगंज थाने तक पहुंच गया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना अरेरा कॉलोनी के 10 नंबर मार्केट की है। यहां सरकारी धन से बनाए गए फुटपाथ के गायब होने की शिकायत की गई है।
वहां रहने वाले निवासियों का कहना है कि देश की किसी स्मार्ट सिटी में संभवतः यह पहली शिकायत है जिसमें "गायब हुए फुटपाथ" को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है। शिकायत में आरोप है कि इसके लिए सिर्फ अतिक्रमणकारी ही नहीं, बल्कि नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारी भी दोषी हैं।
निवासियों के अनुसार, अरेरा कॉलोनी में भू-माफियाओं ने आवासीय भूखंडों पर अवैध मॉल ही नहीं बनाए, बल्कि 10 नंबर मार्केट के आसपास की सभी मुख्य सड़कों के फुटपाथ भी तोड़ दिए। आरोप है कि इतना सब होने के बाद भी प्रशासन मूकदर्शक बना रहा।
अरेरा कॉलोनी के निवासी विवेक त्रिपाठी एवं लवनीश भाटी ने थाना हबीबगंज में शिकायत देकर पूछा है कि आखिर जनता के टैक्स के पैसे से बनाया गया फुटपाथ गया कहां? अब जनता सड़क पर कहा चले? यदि किसी भूमाफिया, भवन मालिक या व्यावसायिक प्रतिष्ठान ने फुटपाथ पर कब्जा किया तो ये कैसे संभव हुआ?
निवासियों का आरोप है कि फुटपाथ धीरे-धीरे पार्किंग, निजी उपयोग और व्यावसायिक गतिविधियों की भेंट चढ़ गया। उनका कहना है कि भूमाफिया अकेले सार्वजनिक जमीन पर कब्जा नहीं कर सकता, जब तक जिम्मेदार सरकारी तंत्र आंखें बंद न करे। इसलिए शिकायत में केवल अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की मांग नहीं की गई है, बल्कि नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के उन अधिकारियों की भूमिका की आपराधिक जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है, जिनकी जिम्मेदारी इन सड़कों और सार्वजनिक फुटपाथों की सुरक्षा की थी।
निवासियों ने मांग की है कि पुराने नक्शे और रिकॉर्ड निकालकर फुटपाथ की पूर्व स्थिति और वर्तमान स्थिति का मिलान कराया जाए। यदि सरकारी रिकॉर्ड और मौजूदा स्थिति में अंतर मिलता है तो फुटपाथ कब्जाने वालों के साथ उन अधिकारियों को भी आरोपी बनाया जाए, जिनकी लापरवाही, संरक्षण या मिलीभगत से सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा हुआ।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





