भारत

खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, 20 हजार किलो से ज्यादा सामान जब्त

jantaserishta.com
10 Oct 2026 6:45 PM IST
खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, 20 हजार किलो से ज्यादा सामान जब्त
x
नवरात्रि में मिलावट पर बड़ा प्रहार, 176 खाद्य नमूने लिए गए
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में नवरात्रि पर्व के दौरान लोगों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (यूपीएफएसडीए) ने प्रदेशभर में जांच अभियान तेज कर दिया है। 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान के तहत 9 अक्टूबर की देर रात तक चली कार्रवाई में 20,924 किलोग्राम खाद्य पदार्थ जब्त किए गए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 66 लाख 87 हजार 58 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 176 खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए हैं।
अभियान के दौरान मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए 4,273 किलोग्राम खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 63 हजार 900 रुपये है। खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर करीब 58 प्रतिष्ठानों को सुधारात्मक नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, दो खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित करने और एक प्रतिष्ठान के बिना लाइसेंस संचालन के मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
नवरात्रि को देखते हुए विभाग ने घी, खाद्य तेल, वनस्पति, कुट्टू और सिंघाड़े के आटे, साबूदाना सहित अन्य फलाहारी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की विशेष जांच की। जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्री जब्त की गई।
बरेली में तीन प्रतिष्ठानों से कुल 3,281 किलोग्राम घी जब्त किया गया, जिसकी कीमत 21 लाख 22 हजार 120 रुपये है। वीके शॉ प्रतिष्ठान से 2,280 किलोग्राम, अजय कुमार गुप्ता के प्रतिष्ठान से 319 किलोग्राम और भारत घी प्रतिष्ठान से 682 किलोग्राम घी जब्त किया गया।
एटा की श्री बाबा डेयरी से 2,544 किलोग्राम घी और मक्खन जब्त किया गया, जिसकी कीमत 17 लाख 16 हजार 120 रुपये बताई गई है। बदायूं में बाबू राम रमेश चंद्र के प्रतिष्ठान से 538 किलोग्राम घी जब्त हुआ, जिसकी कीमत 3 लाख 63 हजार 150 रुपये है।
राजधानी लखनऊ में भैरव घी भंडार से अनियमितताओं के आधार पर 748 किलोग्राम घी जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 22 हजार 629 रुपये है। इसके अतिरिक्त अन्य प्रतिष्ठानों से 573 किलोग्राम कुट्टू का आटा और कुट्टू की गिरी सहित खाद्य सामग्री जब्त की गई।
नोएडा में धर्मेश इंडस्ट्री पर कार्रवाई के दौरान मसालों में धनिया के डंठल, रंग और भूसी के इस्तेमाल से संबंधित अनियमितताएं सामने आईं। विभाग ने करीब सात लाख रुपये कीमत के 3,559 किलोग्राम पिसे हुए मसाले जब्त किए। संबंधित प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने और एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
गाजियाबाद में गलत लेबलिंग के आधार पर 2,848 किलोग्राम साबूदाना जब्त किया गया। इसके अलावा घी और कुट्टू के आटे की भी जांच की गई। मेट्रो कैश एंड कैरी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से घी के दो नमूने लिए गए। विभाग ने अन्नपूर्णा और परम ब्रांड के घी की खेप भी जब्त की।
सहारनपुर में अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी करीब 6,000 किलोग्राम हल्दी जब्त की गई, जिसकी कीमत 6 लाख 83 हजार 772 रुपये है। इसके अतिरिक्त 298 किलोग्राम संदिग्ध कुट्टू का आटा भी जब्त किया गया। कानपुर में विभिन्न प्रतिष्ठानों से 390 किलोग्राम खाद्य पदार्थ जब्त किए गए।
मऊ में 60 किलोग्राम दूषित दूध और 90 किलोग्राम मिल्क केक नष्ट कराया गया। लखीमपुर में 210 किलोग्राम घी जब्त किया गया, जबकि उन्नाव में आगरा एक्सप्रेसवे पर एक पिकअप वाहन से 4 कुंतल दूषित खाद्य सामग्री मिलने पर कार्रवाई की गई।
यूपीएफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जांच के नाम पर छोटे दुकानदारों और खुदरा विक्रेताओं का अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। उन्होंने गंभीर अनियमितताओं, मिलावट और गलत लेबलिंग के मामलों में निष्पक्ष, पारदर्शी और कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story