भारत
एनसीआर में सुबह-सुबह छाई धुंध, अगस्त में हुआ दिसंबर के महीने का अहसास
jantaserishta.com
27 Aug 2025 12:29 PM IST

x
नोएडा: एनसीआर बुधवार की सुबह पूरे क्षेत्र में हल्की धुंध छाई हुई थी। अगस्त के महीने में ऐसा दृश्य देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो दिसंबर का महीना शुरू हो गया हो। यह असामान्य मौसम लगातार हो रही बारिश का परिणाम है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस सप्ताह भी एनसीआर में लगातार बारिश जारी रहने की संभावना है। 27 अगस्त से लेकर 1 सितंबर तक के पूर्वानुमान बताते हैं कि प्रतिदिन गरज के साथ बारिश होगी। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से कुछ कम है। इसके साथ ही, 70 प्रतिशत से 95 प्रतिशत के बीच रहने वाली उच्च ह्यूमिडिटी ने इस ठंडक और धुंध के एहसास को और बढ़ा दिया है।
इन सभी परिस्थितियों का सबसे सकारात्मक पहलू रहा है वायु गुणवत्ता में अभूतपूर्व सुधार। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 'अति उत्तम' श्रेणी में पहुंच गया है। 27 अगस्त की सुबह के आंकड़े दर्शाते हैं कि दिल्ली के अधिकांश क्षेत्रों में एक्यूआई 60 के आसपास दर्ज किया गया, जो कि बेहद संतोषजनक स्तर है।
उदाहरण के लिए, आनंद विहार जैसे सामान्यतः प्रदूषण से प्रभावित इलाके का एक्यूआई भी 95 तक पहुंचा, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है। वहीं, एनसीआर के अन्य शहरों की स्थिति और भी बेहतर रही। गाजियाबाद के विभिन्न स्टेशनों जैसे इंदिरापुरम (58), लोनी (57), संजय नगर (56) और वसुंधरा (60) ने 'संतोषजनक' से 'अच्छा' एक्यूआई दर्ज किया।
इसी तरह, नोएडा के सेक्टर 125 (57), सेक्टर 1 (53), सेक्टर 116 (59) और सेक्टर 62 (46) में भी वायु गुणवत्ता 'अच्छी' से 'संतोषजनक' श्रेणी में दर्ज की गई। सेक्टर 62 में 46 का एक्यूआई 'अच्छा' माना जाता है।
मौसम विभाग के मुताबिक लगातार हो रही वर्षा ने वातावरण में मौजूद प्रदूषक कणों को बहाकर हवा को स्वच्छ और शुद्ध बना दिया है। एनसीआर के लोग कई महीनों बाद इतनी स्वच्छ हवा में सांस ले रहे हैं, जो सेहत के लिहाज से एक शुभ संकेत है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह अच्छी हवा का सिलसिला इस सप्ताह भी जारी रह सकता है, क्योंकि बारिश का दौर बना हुआ है। इससे न केवल तापमान में हल्की कमी बनी रहेगी, बल्कि प्रदूषण का स्तर भी नियंत्रित रहेगा।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





