भारत

बहराइच में बाढ़ का खतरा, घाघरा नदी खतरे के निशान से 23 सेमी ऊपर

SHIDDHANT
19 Aug 2026 12:16 AM IST
बहराइच में बाढ़ का खतरा, घाघरा नदी खतरे के निशान से 23 सेमी ऊपर
x
Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश। पहाड़ों पर हो रही भारी बारिश और बैराजों से छोड़े गए लाखों क्यूसेक पानी के कारण उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बाढ़ का संकट गहरा गया है। घाघरा और सरयू नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने से तराई क्षेत्र में हालात गंभीर हो गए हैं। प्रशासन के अनुसार, बैराजों से करीब 2.61 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिसके बाद नदियों में उफान आ गया। एल्गिन ब्रिज पर घाघरा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 23 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। इससे आसपास के गांवों और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। कई जगहों पर सड़कों पर पानी भर गया है और कुछ घरों में भी पानी प्रवेश कर गया है। मोटिपुर की एसडीएम मोनालिसा जोहरी ने बताया कि प्रशासनिक टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया है। उन्होंने बताया कि वह एडीएम और सीओ के साथ ट्रैक्टर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचीं और प्रत्येक क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर सड़कों पर करीब डेढ़ फीट तक पानी भर गया है, जबकि कुछ घरों में भी पानी पहुंचा है।
एसडीएम मोनालिसा जोहरी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने तुरंत सामुदायिक रसोई शुरू कर दी है। यहां लोगों को ताजा और पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।उन्होंने बताया कि जिन इलाकों में घरों के अंदर पानी नहीं पहुंचा है, वहां जरूरतमंद परिवारों को राशन किट वितरित की जा रही है। प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए मेडिकल टीमों की तैनाती की है। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत और बचाव दल को अलर्ट रखा गया है। प्रशासन की टीम लगातार प्रभावित गांवों का दौरा कर स्थिति की निगरानी कर रही है।
घाघरा और सरयू नदियों के बढ़ते जलस्तर से बहराइच के तराई क्षेत्र में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। नदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन लोगों को सतर्क रहने की अपील कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राजस्व विभाग, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें सक्रिय हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।फिलहाल जिला प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुआ है और प्रभावित लोगों तक भोजन, राशन और चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने का काम जारी है।
Next Story