भारत

बिहार में बाढ़ का कहर: लगातार बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, पटना के कई हिस्सा हो रही पानी में तब्दील

Kunti Dhruw
17 Aug 2021 3:25 PM GMT
बिहार में बाढ़ का कहर: लगातार बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, पटना के कई हिस्सा हो रही पानी में तब्दील
x
बिहार में बाढ़ से हालात बिगड़ते जा रहे हैं।

बिहार में बाढ़ से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को राजधानी पटना में गंगा का पानी भर गया। शहर के कई इलाकों में सड़कें व मकान आदि पानी में डूबे नजर आए। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

बिहार व नेपाल में भारी वर्षा से आई बाढ़
बिहार में ताजा बाढ़ की वजह राज्य के कई हिस्सों समेत नेपाल में हो रही लगातार बारिश है। इससे बिहार की नदियां उफान पर हैं। उत्तर बिहार में पिछले पांच दिनों से लगातार तेज वर्षा हो रही है। चारों ओर जलजमाव है। जहां बाढ़ नहीं आई वहां तेज वर्षा के कारण पानी भर गया है।


पटना में गंगा व सोन खतरे के निशान से ऊपर
पटना जिले में गंगा और सोन खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। हालांकि बीते 24 घंटे में इनके जलस्तर में 11 सेंटीमीटर की कमी आई है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार मंगलवार को 15 सेंटीमीटर तक पानी घट सकता है। उधर, वैशाली में गंडक नदी में उफान पर है। बीते तीन दिनों से गंडक नदी में वाल्मिकीनगर बराज से लगातार पानी छोड़ने के कारण खतरा बढ़ गया है।
मुंगेर में भी गंगा उफान पर
मुंगेर जिले में भी गंगा उफान पर है। भागलपुर में भी बाढ़ से बुरा हाल है। खगड़िया में गंगा खारा धार स्लूज गेट के पास अपने खतरे के निशान से 18 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। नेपाल और आसपास के क्षेत्रों में निरंतर वर्षा के कारण भुतही बलान, बिहुल, महानंदा, गंगा, कोसी, कारी कोसी व ब्रांडी नदी से जुड़े इलाकों में बाढ़ कहर ढा रही है। लोग बाढ़ से प्रभावित है। भागलपुर-अकबरपुर सड़क और सबौर इलाके में भी सड़क पर पानी बह रहा है। जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर बाढ़ का पानी आने के बाद शनिवार से ही परिचालन बंद है।
मुजफ्फरपुर में बागमती का कहर
मुजफ्फरपुर के औराई प्रखंड में बागमती नदी कहर ढा रही है। कटरा प्रखंड के भी एक दर्जन गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। बूढ़ी गंडक में उफान से शहरी इलाकों में जलजमाव हो रहा है। पश्चिम चंपारण में गंडक का कहर जारी है।समस्तीपुर में गंगा में आई बाढ़ से करीब दो लाख की आबादी बुरी तरह प्रभावित है। बागमती शिवहर में तबाही मचा रही है। मधुबनी में कोसी व कमला तटबंध के अंदर बसे गांवों पर फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा। कोसी, कमला बलान, भुतही बलान व गेहुंमा में बाढ़ आ गई है।
हाजीपुर में बाढ़ का पानी घुसा
उधर, हाजीपुर के बाहरी इलाकों में गंडक नदी का पानी घुस गया। सरयू भी उफान पर है।
Next Story