भारत
घने कोहरे के कारण फ्लाइट ऑपरेशन बुरी तरह प्रभावित, यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी
jantaserishta.com
29 Dec 2025 10:40 AM IST

x
नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में सोमवार को घने कोहरे के कारण फ्लाइट ऑपरेशन बुरी तरह प्रभावित हुए। दिल्ली एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी घटकर लगभग 125 मीटर रह गई, जिससे उड़ान गतिविधियों पर काफी असर पड़ा। इसी बीच, यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा है।
सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण गोवा से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट राष्ट्रीय राजधानी में लैंड नहीं कर पाई। इसी तरह की स्थितियों के कारण विमान जयपुर में भी लैंड नहीं कर पाया और आखिरकार उसे अहमदाबाद डायवर्ट कर दिया गया, जहां वह सुरक्षित रूप से उतर गया।
दिल्ली एयरपोर्ट ने कहा कि घने कोहरे के कारण फिलहाल फ्लाइट ऑपरेशन सीएटी-3 स्थितियों में किए जा रहे हैं, जिससे उड़ानों में देरी हो सकती है या उन्हें रद्द किया जा सकता है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "हमारी ग्राउंड टीमें मौके पर मौजूद हैं और यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव देने के लिए उनकी पूरी मदद कर रही हैं।"
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों को संबंधित एयरलाइंस से अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करके अपडेट रहने की भी सलाह दी।
वहीं, खराब विजिबिलिटी, एयर ट्रैफिक कंजेशन और लगातार हो रही देरी के कारण दिल्ली आने वाली कई फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया, जिससे यात्रियों को और भी असुविधा हुई। एयरलाइन कंपनियों ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
इंडिगो ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "दिल्ली और उत्तर भारत के कई एयरपोर्ट पर कोहरे की स्थिति बनी हुई है। अगर कम विजिबिलिटी की स्थिति बनी रहती है, तो दिन बढ़ने के साथ फ्लाइट के आने-जाने पर असर पड़ सकता है। हम स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं। यात्राओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए ऑपरेशनल एडजस्टमेंट कर रहे हैं।"
इंडिगो ने यात्रियों को सलाह दी कि वे घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जांच लें। एयरलाइन कंपनी ने पोस्ट में लिखा, "कोहरा सड़क यातायात को भी प्रभावित कर सकता है, इसलिए अपनी यात्रा को अधिक आरामदायक बनाने के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय लेकर चलना आरामदायक हो सकता है। यदि आपकी उड़ान में कोई बदलाव होता है, तो समय पर जानकारी आपके पंजीकृत संपर्क विवरण और हमारे डिजिटल चैनलों के माध्यम से साझा की जाएगी।"
स्पाइसजेट ने आधी रात के आसपास अपना आखिरी अपडेट जारी किया, जिसमें यात्रियों को कोलकाता में रुकावटों के बारे में बताया गया। एयरलाइन ने एक बयान में कहा, "कोलकाता (सीसीयू) में खराब मौसम (कम विजिबिलिटी) के कारण सभी आने-जाने वाली फ्लाइट्स प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करते रहें।"
एयर इंडिया ने भी यात्रियों को आगाह किया कि दिल्ली समेत उत्तरी भारत के रूट घने कोहरे के कारण कम विजिबिलिटी से प्रभावित हो सकते हैं। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने यात्रियों की सहायता के लिए एयरलाइंस के हेल्पलाइन नंबर शेयर किए।
एएआई ने एक बयान में कहा, "कोहरे के कारण उत्तर भारत में चुनिंदा एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी कम है, जिससे फ्लाइट शेड्यूल प्रभावित हो सकते हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे फ्लाइट अपडेट के लिए आधिकारिक संचार चैनलों के माध्यम से अपनी संबंधित एयरलाइंस के संपर्क में रहें और एयरपोर्ट पर पहुंचने व चेक-इन प्रक्रियाओं के लिए अतिरिक्त समय देकर अपनी यात्रा की योजना बनाएं।"
इसमें आगे कहा गया, "एएआई ने यात्रियों की सुविधा के लिए कदम उठाए हैं और प्रभावित एयरपोर्ट्स पर यात्रियों की मदद के लिए सहायता टीमें तैनात की हैं। हम खराब मौसम की स्थिति में भी यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और एयरपोर्ट के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





