भारत
सिरोही में 20 फीट ऊंचाई तक उठी आग की लपटें, लोगों ने बचाई जान
Shantanu Roy
17 April 2024 3:50 PM IST

x
सिरोही। सिरोही कांडला हाइवे स्थित शहर के अनादरा चौराहे पर मंगलवार दोपहर सड़क किनारे जेसीबी से लापरवाहीपूर्वक की गई खुदाई के दौरान गैस की पाइप लाइन फटने से उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थी कि पास की दो दुकानें, एक बाइक, स्कूटी, साइकिल सहित अन्य सामान भी जलकर खाक हो गया। हादसे के दौरान दुकान व आसपास मौजूद लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल की सहायता से करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस उप अधीक्षक मुकेश चौधरी ने बताया कि मंगलवार को अनादरा चौराहे पर पानी की पाइप लाइन डालने के लिए जेसीबी से खुदाई की जा रही थी। खुदाई के दौरान नीचे से गुजर रही घरेलू गैस की पाइप लाइन फट गई। कुछ समय तो पाइप लाइन से गैस निकाली और फिर अचानक से पाइप लाइन आग का गोला बन गई। आग की लपटें इतनी तेज थी कि अनादरा चौराहे पर अफरातफरी सी मच गई।
आग लगने की सूचना पर डीएसपी व थानाधिकारी सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और दमकल की सहायता से आग बुझाना शुरू किया। गैस पाइप लाइन के आग पकड़ते ही करीब 20 फीट से अधिक ऊंचाई तक आग की लपटें उठी, जिससे पास में मौजूद बिजली पोल के तार जल जल गए और पेड़ झ़ुलस गया। आग की लपटें बढ़ती देखकर अनादरा चौराहे पर अफरातफरी सी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि पास की दो दुकानें व वाहन भी चपेट में आ गए। इधर, सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस के अधिकारी व डिस्कॉम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद दमकल की सहायता से आग से काबू पाया। उधर गैस कम्पनी को सूचना करने पर शीघ्र ही गैस आपूर्ति बंद की गई। आग से पाइप लाइन के पास स्थित दो दुकानों के आगे लगे तिरपाल व सामान आदि जल गया और आग अंदर तक फैल गई। साथ ही दुकान के बाहर रखी एक बाइक, स्कूटी व साइकिल भी जल गई। आसपास के लोगों ने बताया कि मंगलवार दोपहर बाद जेसीबी खुदाई कर रही थी। इस दौरान गैस की पाइप लाइन फटने से पहले तो केवल गैस बाहर निकली। फिर इसके तुरंत बाद अचानक आग लग गई। पास में स्थित नीम का पेड़ भी जल गया।
Next Story





