भारत

शौच करने गई नाबालिग से पांच युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म

Rani Sahu
4 March 2022 3:51 PM GMT
शौच करने गई नाबालिग से पांच युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म
x
सवाई माधोपुर जिले के मलारना डूंगर इलाके में एक नाबालिग से पांच युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है

सवाई माधोपुर जिले के मलारना डूंगर इलाके में एक नाबालिग से पांच युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। पीड़िता गुरुवार रात को शौच करने गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने उसे दबोच लिया और बारी-बारी से दुष्कर्म किया। पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। उधर, सामूहिक दुष्कर्म की वारदात के बाद गुस्साए ग्रामीणों की भीड़ अस्पताल के बाहर जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार मलारना डूंगर इलाके में गुरुवार रात को एक नाबालिग बालिका शौच के लिए गई थी। इसी दौरान पांच आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और खेत में ले जाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। दुष्कर्म की सूचना लगने पर परिजनों ने पीड़िता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी। इधर, वारदात की जानकारी लगने ही अस्पताल के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश राजोरिया और महिला थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दुष्कर्म करने वाले पांचों आरोपी गांव के ही हैं। पीड़िता ने पुलिस को तीन आरोपियों के नाम बता दिए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
वारदात के बाद इलाके के लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को 24 घंटे का समय दिया है। गिरफ्तारी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों का कहना है कि बालिका के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को पुलिस जल्द गिरफ्तार करे और कड़ी से कड़ी सजा दिलाए।


Next Story