उत्तराखंड

पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, सीएम धामी ने शोक जताया

jantaserishta.com
7 Aug 2026 5:28 PM IST
पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, सीएम धामी ने शोक जताया
x
पौड़ी/देवप्रयाग: उत्तराखंड के पौड़ी जनपद में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर कुंडधार के निकट हुई, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। सीएम ने इस घटना पर दुख जताया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 11:30 बजे थाना देवप्रयाग को सूचना मिली कि कुंडधार क्षेत्र में एक वाहन सड़क से नीचे खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग पुलिस, एसडीआरएफ तथा स्थानीय प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को एसडीआरएफ की टीम द्वारा रेस्क्यू कर बेस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित एवं त्वरित उपचार तथा गंभीर रूप से घायलों को आवश्यकता पड़ने पर एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भगवान बदरी विशाल से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक एक ही परिवार के थे। ये सभी लक्सर के जीतपुर रायपुर के रहने वाले थे। ये सभी पौड़ी की तरफ जा रहे थे लेकिन कुंडाधार के पास वाहन अनियंत्रित हो गया और खाई में गिर गया। इस हादसे में एक बच्चे की जान बचाई गई है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story
    null