
x
तबादला सूची
पटना। बिहार सरकार ने पुलिस प्रशासन में फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के पांच अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। गृह विभाग की आरक्षी शाखा ने 4 नवंबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। आदेश के मुताबिक, खगड़िया और शिवहर जिलों के पुलिस अधीक्षकों सहित कई अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी अपराजित को बिहार के राज्यपाल का परिसहाय (पुलिस) नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-16, पटना के समादेष्टा पद पर तैनात थे। इसके अतिरिक्त उनके पास पुलिस अधीक्षक (विधि-व्यवस्था), बिहार, पटना का प्रभार भी था।
वहीं, 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी भानु प्रताप सिंह, जो वर्तमान में खगड़िया के पुलिस अधीक्षक हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। इसी तरह 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी शैलेंद्र सिंह को शिवहर के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर खगड़िया का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। मुजफ्फरपुर के नगर पुलिस अधीक्षक मोहिबुल्लाह अंसारी को शिवहर जिले के पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह भी 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।
इसके अलावा नव प्रोन्नत आईपीएस अधिकारी कुमारी ममता कल्याणी को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-16, पटना के समादेष्टा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वह वर्तमान में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-10, पटना में समादेष्टा के पद पर कार्यरत हैं। गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन अधिकारियों को अगले आदेश तक उनके नए पदों पर पदस्थापित किया गया है। अधिसूचना बिहार के राज्यपाल के आदेश से जारी की गई है।
Next Story





