भारत

डेयरी सौदे में फंसे 7.50 लाख महिला को डराने पहुंच गए पांच आरोपी

SHIDDHANT
26 Sept 2026 10:16 PM IST
डेयरी सौदे में फंसे 7.50 लाख महिला को डराने पहुंच गए पांच आरोपी
x
महिला ने मचाया शोर तो भागे आरोपी CCTV से खुला पूरा राज
Dehradun. देहरादून। देहरादून के रायपुर इलाके में महिला को जबरन कार में बैठाने की कोशिश के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस की जांच में घटना के पीछे डेयरी कारोबार में हुए 7.50 लाख रुपये के लेनदेन का विवाद सामने आया है। मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय चाहत उर्फ अन्नू को गिरफ्तार किया है, जबकि दीपक समेत चार आरोपी फरार हैं। घटना 23 सितंबर की सुबह की है। सहस्रधारा रोड स्थित नालापानी चौक के पास सुबह करीब 6 बजकर 50 मिनट पर सुषमा वर्मा को काले रंग की स्विफ्ट कार में जबरन बैठाने का प्रयास किया गया। महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे। लोगों को आता देखकर आरोपी वहां से फरार हो गए।
सुषमा वर्मा की शिकायत पर रायपुर थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद थाना रायपुर और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करते हुए संदिग्धों की पहचान शुरू की। जांच में सामने आया कि चाहत उर्फ अन्नू और दीपक पासवान साथ मिलकर कारोबार शुरू करना चाहते थे। दोनों ने अठूरवाला भानियावाला में सुषमा वर्मा से 11 गायों वाली डेयरी चलाने के लिए सौदा किया था। यह सौदा 7 लाख 50 हजार रुपये में तय हुआ था।
आरोपियों के मुताबिक, सौदे के दौरान पांच लाख रुपये नकद और ढाई लाख रुपये का चेक दिया गया था। उन्हें बताया गया था कि डेयरी में मौजूद गायों से रोजाना करीब 150 लीटर दूध मिलता है। बाद में दूध का उत्पादन बताई गई मात्रा से कम निकलने पर पैसों को लेकर विवाद शुरू हो गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पैसे वापस मांगने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया था। इसी आर्थिक विवाद के चलते सुषमा को डराने की कथित योजना बनाई गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कारगी चौक के पास से काले रंग की स्विफ्ट कार किराये पर ली और 23 सितंबर की सुबह सुषमा की तलाश में सहस्रधारा पहुंचे। नालापानी चौक के पास महिला को कार में बैठाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसके शोर मचाने पर योजना सफल नहीं हो सकी। जांच के दौरान पुलिस ने 26 सितंबर को सहस्रधारा रोड से चाहत उर्फ अन्नू को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में दीपक, सुशांत उर्फ लक्की, आदित्य वशिष्ठ और प्रियांशु को वांछित किया गया है। एसपी ग्रामीण जया बलूनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा किया। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।
Next Story