भारत

सामने आईं सूरत बुलेट ट्रेन स्टेशन की पहली तस्वीरें, हीरे जैसा चमकेगा डिजाइन

SHIDDHANT
26 Nov 2026 10:16 PM IST
सामने आईं सूरत बुलेट ट्रेन स्टेशन की पहली तस्वीरें, हीरे जैसा चमकेगा डिजाइन
x
एयरपोर्ट जैसी मिलेंगी सुविधाएं
सूरत। गुजरात के सूरत में देश की महत्वाकांक्षी बुलेट ट्रेन परियोजना तेजी से आकार ले रही है। सूरत बुलेट ट्रेन स्टेशन का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच रहा है। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) द्वारा विकसित किए जा रहे इस स्टेशन को सूरत की पहचान हीरा उद्योग से प्रेरित डायमंड थीम पर डिजाइन किया गया है। तीन मंजिला इस आधुनिक स्टेशन में यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग और पिक-ड्रॉप की सुविधा होगी, जबकि दूसरे स्तर पर टिकट काउंटर, वेटिंग लाउंज और दुकानें रहेंगी। प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए लिफ्ट और एस्केलेटर लगाए जा रहे हैं। इससे बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को भी सहूलियत मिलेगी।
स्टेशन पर यात्रियों को एयरपोर्ट जैसा अनुभव देने के लिए बिजनेस क्लास लाउंज, बच्चों की देखभाल के लिए नर्सरी, आधुनिक शौचालय और रिटेल आउटलेट की व्यवस्था की जा रही है। डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, इन्फॉर्मेशन कियोस्क और स्मार्ट अनाउंसमेंट सिस्टम भी लगाए जा रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए स्टेशन में प्राकृतिक रोशनी और ताजी हवा की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके अलावा वर्षा जल संचयन और पौधारोपण पर भी जोर दिया गया है। यात्रियों की आवाजाही आसान बनाने के लिए स्टेशन को प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन, बीआरटीएस बस स्टॉप, ऑटो और टैक्सी सेवाओं से जोड़ने की योजना है। उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, सूरत-बिलिमोरा रेल खंड पर ओवरहेड विद्युत आपूर्ति शुरू होने के बाद बुलेट ट्रेन के ट्रायल की उम्मीद बढ़ गई है। वर्ष 2027 में बुलेट ट्रेन का संचालन शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Next Story