भारत

पहले रेहड़ी को मारी टक्कर, फिर इंस्पेक्टर को देने लगा नोट, VIDEO वायरल

SHIDDHANT
2 Nov 2026 9:32 PM IST
पहले रेहड़ी को मारी टक्कर, फिर इंस्पेक्टर को देने लगा नोट, VIDEO वायरल
x
पुलिस इंस्पेक्टर ने जीत लिया दिल
दिल्ली। राजधानी दिल्ली के अशोक विहार इलाके में देर रात एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। शराब के नशे में कार चला रहे एक व्यक्ति ने सड़क किनारे खड़ी रेहड़ी को टक्कर मार दी। मौके पर पहुंचे पुलिस इंस्पेक्टर को चालक ने कार्रवाई से बचने के लिए रिश्वत देने की कोशिश की, लेकिन इंस्पेक्टर ने रुपये लेने से साफ इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अशोक विहार थाने में तैनात इंस्पेक्टर सोमबीर लोचब देर रात एक इमरजेंसी कॉल पर जा रहे थे। इसी दौरान मुर्गा मार्केट के पास उन्हें जोरदार टक्कर की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि सफेद रंग की ग्रैंड विटारा कार ने सड़क किनारे लगी एक रेहड़ी को टक्कर मार दी थी।
बताया जा रहा है कि कार चालक शराब के नशे में था। पुलिस इंस्पेक्टर ने जब उससे पूछताछ की तो वह कार्रवाई से बचने के लिए रुपये देने लगा। वायरल वीडियो में गुलाबी शर्ट पहने चालक हाथ जोड़कर पुलिसकर्मी के सामने नोट बढ़ाता नजर आ रहा है। हालांकि, इंस्पेक्टर सोमबीर लोचब ने रिश्वत लेने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने चालक को समझाया कि शराब पीकर गाड़ी चलाना न केवल उसकी जान के लिए, बल्कि सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों के लिए भी खतरनाक है।
इंस्पेक्टर ने सबसे पहले दुर्घटना में नुकसान झेलने वाले रेहड़ी चालक को मुआवजा दिलवाया। इसके बाद कार चालक के मोबाइल से उसके परिजनों को फोन कर मौके पर बुलाया। जानकारी के मुताबिक, परिजनों के पहुंचने के बाद चालक को उनकी देखरेख में घर भेज दिया गया।
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इंस्पेक्टर की ईमानदारी और संवेदनशीलता की सराहना हो रही है। हालांकि, शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में मोटर वाहन अधिनियम के तहत कोई कार्रवाई हुई या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी स्पष्ट नहीं है।
Next Story