भारत
सलमान खान के घर फायरिंग मामला, पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे
jantaserishta.com
17 April 2024 5:55 PM IST

x
सलमान खान को डराने के लिए दोनों को एक लाख रुपये मिले थे और बाकी के तीन लाख रुपये काम पूरा होने के बाद मिलने थे।
मुंबई: बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर गोलीबारी करने वाले विकी गुप्ता और सागर पाल को गुजरात के भुज से 95 किलोमीटर दूर से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों ने पुलिस की पूछताछ में कई अहम खुलासे किए हैं। आरोपियों ने बताया है कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल ने दोनों को काम पर रखा था। दोनों ने यह भी बताया कि वे सलमान खान को 1998 में जोधपुर में किए गए काले हिरण के शिकार मामले में सजा देना चाहते थे। सलमान खान को डराने के लिए दोनों को एक लाख रुपये मिले थे और बाकी के तीन लाख रुपये काम पूरा होने के बाद मिलने थे।
'टाइम्स ऑफ इंडिया' के अनुसार, अब मुंबई पुलिस लॉरेंस बिश्नोई की पुलिस हिरासत की मांग कर सकती है। इस के लिए पुलिस जल्द ही अदालत का रुख कर सकती है। वहीं, लॉरेंस के भाई अनमोल के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी हो सकता है। अनमोल कनाडा में रहता है और सलमान खान के घर पर फायरिंग के मामले में सोशल मीडिया के जरिए से कथित तौर पर जिम्मेदारी भी ली है। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (क्राइम) लखमी गौतम ने कहा, ''विकी 10वीं पास है, जबकि सागर ने आठवीं तक की पढ़ाई की है। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि दोनों के खिलाफ पूर्व में भी कोई मामले दर्ज थे या नहीं।'' वहीं, पुलिस ने बताया है कि पूछताछ के दौरान पता चला है कि अनमोल ने दोनों से कहा था कि अगर दोनों सलमान खान के घर गोलियां चलाने में सफल हो जाते हैं तो वे न सिर्फ मशहूर हो जाएंगे, बल्कि उचित इनाम भी दिया जाएगा।
जांच में पता चला है कि दोनों आरोपियों ने गोली चलाने से पहले घटना की तीन से चार बार रेकी की थी। दोनों को बांद्रा के ताज लैंड एंड के पास देखा भी गया था। पुलिस के सूत्रों ने बताया कि अनमोल दोनों आरोपियों से बातचीत कर रहा था। दोनों से सलमान खान के घर पर गोलियों की कम से कम दो मैग्जीन खाली करने के लिए कहा गया था। एक मैग्जीन में पांच बुलेट्स होते हैं। दोनों का उद्देश्य सिर्फ डराना था, नाकि किसी को नुकसान पहुंचाना। दोनों आरोपी पूरी रात बैंडस्टैंड इलाके में घूमते रहे और फिर सुबह 4.51 पर सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट की ओर पहुंचे और बाइक से ही गोलियां चलाईं। आरोपियों का दावा है कि दोनों 28 फरवरी से ही मुंबई में थे और इस दौरान सलमान खान के पनवेल स्थित फार्महाउस और गैलेक्सी अपार्टमेंट की रेकी की। दोनों ने पनवेल इलाके में किराए पर कमरा भी लिया था और उसी में ठहरे थे।
सलमान खान के घर पर फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों तक पहुंचने में पुलिस की सबसे ज्यादा मदद सीसीटीवी फुटेज ने की। जिस बाइक पर दोनों सवार थे, उसके जरिए पुलिस बाइक बेचने वाले के पास पहुंची। उसने ही पुलिस को दोनों के फोन नंबर और पनवेल के कमरे का एड्रेस भी दे दिया। इसके बाद मकान मालिक ने आधार कार्ड और फोन नंबर पुलिस को दिया। इस बीच, मोबाइल फोन को जब ट्रैक किया गया तो उसने भुज का पता लगाने में पुलिस की मदद की। ऐसे पुलिस ने गुजरात के भुज से कुछ किलोमीटर की दूरी पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया। अब पुलिस अपनी जांच में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अनमोल के कहने पर किसने दोनों आरोपियों को हथियार और कैश पहुंचाए।
Tagsमुंबईमुंबई न्यूज़मुंबई पुलिससलमान खानगैलेक्सी अपार्टमेंटMumbaiMumbai NewsMumbai PoliceSalman KhanGalaxy Apartment
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





