
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को निशाना बनाकर एक बार फिर हत्या का प्रयास किया गया है। व्हाइट हाउस के समीप एक प्रमुख होटल में आयोजित कॉरस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान एक अज्ञात हमलावर ने अचानक अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।
डिशडेली की रिपोर्ट के अनुसार, होटल के डिनर हॉल में जब कार्यक्रम चल रहा था, तभी गोलियों की भारी आवाज सुनाई दी। शुरुआती जानकारी में बताया गया है कि हमलावर ने लगभग 5 से 8 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
गोलीबारी शुरू होते ही सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने सक्रियता दिखाते हुए ट्रंप को चारों ओर से घेर लिया और उन्हें सुरक्षा प्रदान की। सुरक्षा बलों ने तत्काल पूरे होटल को अपने नियंत्रण में ले लिया और संदिग्ध आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।
घटना के बाद ट्रंप और वहां मौजूद अन्य वरिष्ठ नेताओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया। इस हमले के बाद अब व्हाइट हाउस के आसपास के क्षेत्रों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटना के तुरंत बाद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' के जरिए अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए जनता को अपने सुरक्षित होने का संदेश दिया।





