
x
Rohru. रोहड़ू। दीपावली पर्व के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम धर्मेश रामौत्रा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि रोहड़ू, चिडग़ांव, टिक्कर और जांगला में चार व पांच नवंबर को सुबह नौ से शाम पांच बजे तक अस्थायी पटाखा बाजार लगाए जाएंगे। रोहड़ू में न्यू आईएसबीटी, चिडग़ांव में प्ले ग्राउंड, टिक्कर में बस स्टैंड के समीप व पुजारली मोड़ तथा जांगला में सेरी बासा लिंक रोड पर पटाखों की बिक्री के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं। पटाखे बेचने के इच्छुक विक्रेताओं को पांच नवंबर तक संबंधित कार्यालय में आवेदन करना होगा। अस्थायी दुकानों के लिए 1500 रुपए और थोक विक्रेताओं के लिए 50 हजार रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस और निर्धारित स्थानों के बाहर पटाखे बेचने वालों पर कार्रवाई होगी। सिविल अस्पताल रोहड़ू और पटाखा बाजारों के समीप आतिशबाजी प्रतिबंधित रहेगी। बैठक में डीएसपी प्रणव चौहान, व्यापार मंडल अध्यक्ष जगमोहन भावटा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Next Story





