
गाजियाबाद। लोनी थाना परिसर में कई वाहन खड़े थे, जिन्हें पुलिस ने अलग-अलग मामलों में जब्त कर यहां लाकर रखा था, अचानक आग में जलकर खाक हो गए. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 20 वाहन उसकी चपेट में आ गए. इस घटना से थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई. आसपास इलाके में धुएं का गुबार फैल गया और आग की ऊंची लपटें उठती रहीं.
लोनी थाने में विभिन्न मामलों में जब्त किए गए करीब 15 से 20 वाहन परिसर में खड़े थे. अचानक इनमें आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में तेज लपटों का रूप ले लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कई वाहन जलते हुए एक-दूसरे को अपनी चपेट में लेते गए. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को तुरंत बुलाया गया. मौके पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया. करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. हालांकि तब तक अधिकांश वाहन पूरी तरह जल चुके थे और सिर्फ उनका ढांचा ही बचा रह गया था.
इस मामले में गाजियाबाद के सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि दमकल विभाग की टीम ने समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया, जिससे आग और ज्यादा फैलने से रोकी जा सकी. उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी कारण से लगी हो सकती है. पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर जांच में जुटी हुई हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.





